गुरुग्राम के पटौदी क्षेत्र में रास्ते में पिकअप गाड़ी खड़ी करने को लेकर शुरू हुई मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 महिलाओं समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई पिकअप गाड़ी भी बरामद कर ली गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 9 फरवरी 2026 को पुलिस चौकी शहर पटौदी, थाना पटौदी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पटौदी से सूचना मिली थी कि कुछ लोग आपसी झगड़े में घायल होकर अस्पताल पहुंचे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत अस्पताल पहुंची और घायलों की एमएलसी प्राप्त की, हालांकि उस समय कोई भी पीड़ित अस्पताल में मौजूद नहीं मिला।

इसके बाद 10 फरवरी को एक व्यक्ति ने पुलिस चौकी में पहुंचकर लिखित शिकायत दी। शिकायत में बताया गया कि 9 फरवरी को वह ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर अपने घर लौट रहा था। उसके घर के पास रास्ते में एक पिकअप गाड़ी खड़ी थी। उसने पिकअप चालक रहदू निवासी पटौदी से गाड़ी हटाने को कहा, जिस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
आरोप है कि इसके बाद रहदू के परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए और विवाद ने झगड़े का रूप ले लिया। शिकायतकर्ता के अनुसार, झगड़े के दौरान उसकी पत्नी पर लाठी से हमला किया गया, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ी। मामला शांत होने के कुछ समय बाद दोबारा कुछ लोग उनके घर के बाहर पहुंचे और पथराव किया। इस दौरान उसके बेटों रिंकू, टिंकू और सन्नी को चोटें आईं तथा घर को भी नुकसान पहुंचा।
शिकायत के आधार पर थाना पटौदी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस चौकी शहर पटौदी की टीम ने जांच करते हुए 12 फरवरी 2026 को पटौदी क्षेत्र से 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रहदू, राशिद, संजय, बिलाल, सजिना, फरीदा और अफसाना के रूप में हुई है। सभी आरोपी पटौदी के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त पिकअप गाड़ी भी बरामद कर ली है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि आगे की कानूनी कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।



