गुरुग्राम | 17 फरवरी 2026
ऑनलाइन खाना मंगाइए, ऐप पर ऑर्डर कैंसिल देखिए… और दरवाज़े पर वही खाना आधे दाम में पाइए! सुनने में जैसे कोई स्टार्टअप का जुगाड़ मॉडल लगे, लेकिन यह निकला सीधा साइबर ठगी का मामला। गुरुग्राम पुलिस ने एक ऐसे डिलीवरी बॉय को गिरफ्तार किया है जो ऐप और असलियत के बीच “कैश की खिड़की” खोलकर बैठा था।

मामला तब सामने आया जब 20 अगस्त 2025 को फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म Swiggy के प्रतिनिधि ने साइबर अपराध पूर्व थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार कंपनी ने रेस्टोरेंट से खाना उठाकर ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए Rapido को डिलीवरी पार्टनर बनाया हुआ है। लेकिन इसी कड़ी में एक डिलीवरी बॉय ने सिस्टम में सेंध लगा दी।
पुलिस के मुताबिक आरोपी रेस्टोरेंट से ऑर्डर उठाता, फिर ग्राहक को कॉल करता और किसी बहाने से ऐप पर ऑर्डर कैंसिल करवाता। ऐप पर ऑर्डर गायब, लेकिन डिलीवरी बंद नहीं होती थी। वह उसी ग्राहक को आधे दाम में खाना ऑफलाइन दे देता और पैसे अपनी जेब में डाल लेता। यानी डिजिटल प्लेटफॉर्म को “बाय-बाय” और कैश को “हाय-हैलो”!
इस अनोखे खेल का मास्टरमाइंड निकला 30 वर्षीय मोनू, निवासी डाणी वर्मन बरवाला, जिला हिसार। शिक्षा 10वीं तक, पेशा डिलीवरी बॉय… लेकिन दिमाग ने ऐप की लकीरों के बीच अपना रास्ता ढूंढ लिया था। पुलिस ने 17 फरवरी 2026 को गुरुग्राम से उसे काबू कर लिया। कार्रवाई सहायक पुलिस आयुक्त (साइबर अपराध) श्री प्रियांशु दीवान के नेतृत्व में और थाना प्रबंधक निरीक्षक अमित की टीम ने की।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी इस तरीके से करीब 10 हजार रुपये से ज्यादा की रकम ठग चुका था। रकम भले बड़ी न लगे, लेकिन तरीका ऐसा था जिसने फूड डिलीवरी सिस्टम की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए।
सोचिए, ग्राहक को आधी कीमत में खाना मिल रहा था तो उसे शक भी नहीं होता। उधर कंपनी के रिकॉर्ड में ऑर्डर कैंसिल। यह खेल चलता रहता अगर शिकायत दर्ज न होती।
साइबर अपराध थाना पूर्व, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज है और जांच जारी है। पुलिस अब यह भी खंगाल रही है कि क्या आरोपी ने अकेले यह काम किया या इसके पीछे कोई और भी शामिल है।
यह मामला बताता है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म जितने सुविधाजनक हैं, उतने ही सतर्क रहने की भी मांग करते हैं। एक क्लिक से खाना घर आता है, लेकिन एक कॉल से खेल भी हो सकता है।
फिलहाल मोनू सलाखों के पीछे है और गुरुग्राम पुलिस सिस्टम के इस “आधा दाम फुल स्कैम” की परतें खोलने में जुटी है।



