गुरुग्राम। प्रदूषण प्रतिबंधों के कारण काम से वंचित हुए असंगठित श्रमिकों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से सेक्टर-27 कम्युनिटी सेंटर में ‘ब्रीदिंग होप’ राहत पहल का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन राज रानी मल्होत्रा, महापौर, नगर निगम गुरुग्राम द्वारा किया गया। यह पहल गैर-सरकारी संगठन नव सृष्टि ने वाइगॉन इंडिया के सहयोग से आयोजित की। कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद विकास यादव का विशेष सहयोग रहा।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य निर्माण श्रमिकों, घरेलू सहायिकाओं और अन्य असंगठित क्षेत्र से जुड़े कामगारों को स्वास्थ्य सेवाएं, सामाजिक सुरक्षा और तात्कालिक राहत उपलब्ध कराना है। प्रदूषण नियंत्रण उपायों के चलते कई श्रमिकों की आजीविका प्रभावित हुई थी, जिसके मद्देनज़र यह कार्यक्रम राहत की सांस लेकर आया।

कार्यक्रम के दौरान 250 जरूरतमंद परिवारों को सूखा राशन और स्वच्छता किट वितरित की गईं। साथ ही 325 श्रमिकों के लिए निःशुल्क सामान्य स्वास्थ्य और नेत्र जांच शिविर लगाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक स्वास्थ्य परामर्श भी प्रदान किया। इसके अतिरिक्त ई-श्रम कार्ड पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराकर श्रमिकों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।
इस अवसर पर वार्ड-11 से पार्षद कुलदीप यादव, वार्ड-25 से अनूप सिंह, वार्ड-20 से नारायण भदाना, वार्ड-21 से सोनिया यादव और वार्ड-23 से कुणाल यादव उपस्थित रहे। नगर निगम के संयुक्त आयुक्त सुमित कुमार ने भी कार्यक्रम में भाग लिया और लाभार्थियों को राहत सामग्री वितरित की।

महापौर राज रानी मल्होत्रा ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि नगर निगम गुरुग्राम भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी प्रयासों को पूर्ण सहयोग देगा। पार्षद विकास यादव ने कहा कि इस प्रकार के आउटरीच कार्यक्रम अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं वाइगॉन इंडिया के अधिकारियों चंद्र मोहन गुप्ता और मोहन सिंह ने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व के तहत आगे भी सहयोग जारी रखने का आश्वासन दिया।



