Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 23 मार्च। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निवास पर प्रदर्शन करने के लिए कुरुक्षेत्र जाते हुए स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को आज सुबह पुलिस ने रोक लिया। पुलिस ने उनकी चार बसों को अपने कब्जे में ले लिया। कर्मचारी अपनी मांगों के समर्थन में विरोध प्रदर्शन के लिए जा रहे थे।
कर्मचारियों का आरोप है कि फरीदाबाद पुलिस ने गैरकानूनी रूप से उनकी बसों को रोका है। जबकि वे सभी सरकारी बसें हैं और उन्होंने उसमें यात्रा के लिए टिकट भी खरीद रखा है। स्वास्थ्य कर्मचारी संघ हरियाणा के तत्वाधान में हो रहे इस प्रदर्शन में भाग लेने के लिए फरीदाबाद से काफी संख्या में पुरुष और महिला कर्मचारी कुरुक्षेत्र जाने के लिए निकले थे। परंतु उनकी बसों को पुलिस ने रोक लिया और अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस द्वारा इस तरह उन्हें रोके जाने को लेकर प्रदर्शनकारी महिलाओं और पुरुषों में काफी रोष है। उन्होंने कहा कि हम इस देश के नागरिक हैं। पुलिस तो उनका इस तरह से पीछा कर रही हैए जैसे वो कोई आतंकवादी हों। उन्होंने कहा कि पुलिस चोर.उच्चकों को तो पकड़ती नहीं और आम नागरिक को परेशान करती है। प्रदर्शनकारियों ने हरियाणा सरकार मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। इस दौरान उन्होंने सड़क यातायात भी बाधित किया।
मालूम हो कि कर्मचारी संघ के आह्वान पर 18 मार्च को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर हरियाणा सरकार के नाम पर ज्ञापन सौंपा गया था। जिसके द्वारा स्वास्थ्य कर्मचारियों की लंबित मांगों को पूरा करने की मांग की गई थी। साथ ही 23 मार्च को कुरुक्षेत्र स्थित मुख्यमंत्री के निवास पर प्रदर्शन की चेतावनी भी दी गई थी।



