Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम 12 March: गुरुग्राम शहर में अवैध रूप से लगाई जा रही रेहड़ियों के खिलाफ नगर निगम गुरुग्राम की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में Municipal Corporation Gurugram (MCG) की CMO टीम ने सेनिटेशन टीम के साथ मिलकर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। यह अभियान गुरुग्राम के Nirvana Country Sector 50 के मुख्य गेट के पास चलाया गया, जहां लंबे समय से अवैध रूप से रेहड़ियां लगाए जाने की शिकायतें मिल रही थीं।

कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके पर मौजूद सभी रेहड़ी संचालकों को पहले अपना सामान हटाने और रेहड़ियों से उतार लेने के निर्देश दिए। इसके बाद नियमों का उल्लंघन करते हुए अवैध रूप से लगाई गई रेहड़ियों को निगम टीम द्वारा ज़ब्त कर लिया गया। इस अभियान के दौरान करीब 15 रेहड़ियों को जब्त किया गया।

निगम अधिकारियों ने बताया कि रेहड़ियों को ज़ब्त करने के साथ-साथ उनके चालकों और संचालकों की पूरी जानकारी भी दर्ज की गई, ताकि भविष्य में दोबारा अवैध तरीके से रेहड़ी लगाने की स्थिति में उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। टीम ने मौके पर मौजूद लोगों को यह भी चेतावनी दी कि बिना अनुमति सार्वजनिक स्थानों पर रेहड़ी या दुकान लगाने पर नगर निगम द्वारा इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई जगहों पर अवैध रूप से लगने वाली रेहड़ियों के कारण सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण हो जाता है, जिससे आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है और ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बन जाती है। ऐसे में निगम की इस कार्रवाई से इलाके में व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।
Municipal Corporation Gurugram की CMO टीम समय-समय पर शहर के अलग-अलग इलाकों में ऐसे अभियान चलाती रहती है। निगम का कहना है कि शहर में अवैध अतिक्रमण को रोकने और सार्वजनिक स्थानों को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।




