Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 12 मार्च 2026।
गुरुग्राम में एक 30 वर्षीय महिला पर टॉयलेट क्लीनर (एसिड युक्त केमिकल) फेंकने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए केमिकल उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बिना लाइसेंस के केमिकल रखने और बेचने वाली कंपनी से भी संदिग्ध केमिकल लिक्विड जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, 8 मार्च 2026 की रात पुलिस थाना सेक्टर-10ए, गुरुग्राम को सिविल अस्पताल सेक्टर-10 से सूचना मिली कि एक महिला पर एसिड से हमला किया गया है और वह इलाज के लिए अस्पताल पहुंची है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और घायल महिला का मेडिकल परीक्षण (MLR) करवाया गया।

डॉक्टर द्वारा महिला को बयान देने के लिए फिट घोषित करने के बाद उसका बयान दर्ज किया गया। पीड़िता ने बताया कि वह करीब चार साल पहले काम की तलाश में गुरुग्राम आई थी और सेक्टर-72 में पवन नाम के व्यक्ति के साथ एक फ्लैट में रह रही थी। घटना वाले दिन पवन ने उसके साथ मारपीट की, जिसके बाद वह इलाज के लिए सिविल अस्पताल सेक्टर-10 पहुंची। इसी दौरान किसी अज्ञात महिला ने उस पर एसिडनुमा केमिकल फेंक दिया, जिससे उसके कपड़े जल गए। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-10ए में एसिड अटैक का मामला दर्ज किया गया, जबकि मारपीट के मामले में थाना बादशाहपुर में अलग से केस दर्ज किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला को आगे के इलाज के लिए पीजीआई रोहतक रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे डिस्चार्ज कर दिया।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 9 मार्च 2026 को आरोपी महिला को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान साक्षी (25 वर्ष), निवासी गांव पातूहेड़ा बावल, जिला रेवाड़ी (हरियाणा) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि उसका अपने पति की दोस्त मीनाक्षी से झगड़ा हुआ था। उसे जानकारी मिली थी कि मीनाक्षी सिविल अस्पताल सेक्टर-10 में भर्ती है। आरोपी ने अस्पताल में चुन्नी के रंग से पहचान कर मीनाक्षी समझकर टॉयलेट क्लीनर फेंक दिया, लेकिन गलती से दूसरी महिला पर हमला हो गया। पुलिस जांच में अब तक पवन की इस वारदात में कोई भूमिका सामने नहीं आई है।
मामले की आगे की जांच के दौरान पुलिस ने 11 मार्च 2026 को केमिकल बेचने वाले आरोपी लाजपत राय शर्मा (66 वर्ष), निवासी गुड़गांव गांव, सेक्टर-5, जिला गुरुग्राम को गिरफ्तार किया। आरोपी अपनी परचून की दुकान से टॉयलेट क्लीनर बेचता था। पूछताछ में सामने आया कि उसने यह केमिकल फ्रेंड्स केमिकल वर्क्स (इंडिया) लिमिटेड, ट्रंक मार्केट सदर बाजार, गुरुग्राम से खरीदा था। इस टॉयलेट क्लीनर में हाइड्रोक्लोरिक एसिड (HCL) मिला हुआ था, जिसे बेचते समय कुछ नियमों का पालन करना अनिवार्य होता है। पुलिस ने कंपनी के परिसर में छापेमारी की, जहां बड़ी मात्रा में केमिकल लिक्विड और संदिग्ध एसिड स्टोर व री-पैकेज कर बिक्री के लिए रखा हुआ मिला। मौके पर केमिकल रखने और बेचने से संबंधित कोई लाइसेंस, परमिट या खरीदारों का रिकॉर्ड नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने केमिकल को जब्त कर लिया। पुलिस आरोपी को 12 मार्च 2026 को अदालत में पेश करेगी। मामले की जांच अभी जारी है।

अपील:
गुरुग्राम पुलिस ने सभी दुकानदारों और स्टॉकिस्ट से अपील की है कि एसिड या ऐसे ज्वलनशील केमिकल बेचते समय खरीदारों का पूरा विवरण रजिस्टर में दर्ज करें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर प्रशासन और पुलिस को जानकारी उपलब्ध कराई जा सके।




