Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम। पिछले सप्ताह गैंगस्टर Deepak Nandal के निर्देश पर एक अज्ञात हमलावर ने गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड स्थित एक कारोबारी के कार्यालय पर कई राउंड फायरिंग की थी। घटना के बाद गैंगस्टर ने सोशल मीडिया पर इसकी जिम्मेदारी भी ली थी।
इस संबंध में थाना डीएलएफ फेज-1, गुरुग्राम में मामला दर्ज किया गया। सीसीटीवी फुटेज के गहन विश्लेषण और खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने हमलावर की पहचान झज्जर जिले के आसौदा निवासी देवेंद्र के रूप में की।
एसटीएफ यूनिट गुरुग्राम ने कल कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवेंद्र (41 वर्ष), निवासी आसौदा, झज्जर, नवीन (30 वर्ष), निवासी परनाला, झज्जर और संदीप (44 वर्ष), निवासी सिलाना सोनीपत के तौर हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो ऑटोमैटिक पिस्तौल, सात जिंदा कारतूस और एक वाहन बरामद किया है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने गैंगस्टर दीपक नंदल के निर्देश पर गुरुग्राम के एक कारोबारी पर हमला करने की योजना बनाई थी। संगठित अपराध पर अंकुश लगाने के लिए थाना डीएलएफ फेज-1 में एक और नया मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच एसटीएफ यूनिट गुरुग्राम द्वारा की जा रही है। गोल्फ कोर्स रोड फायरिंग मामले से जुड़े महत्वपूर्ण इनपुट गुरुग्राम पुलिस के साथ साझा किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में से दो का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है। आरोपी देवेंद्र के खिलाफ चोरी के तीन मामले दर्ज हैं, जबकि आरोपी संदीप पर हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित करीब नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। संदीप वर्ष 2008 के मंडोठी हत्याकांड में दोषी भी ठहराया जा चुका है।
पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और गिरोह से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।




