Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम: शहर को व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए टाउन एंड कंट्री प्लानिंग (एनफोर्समेंट) विभाग का महाअभियान लगातार तीसरे दिन भी तेज़ रफ्तार में जारी रहा। सोमवार को विभाग की विभिन्न टीमों ने एक साथ आठ लाइसेंस कॉलोनियों में व्यापक कार्रवाई करते हुए सड़कों, ग्रीन एरिया और सार्वजनिक स्थानों से अतिक्रमण हटाया।

डीटीपी (एनफोर्समेंट) अमित मधोलिया के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान विभाग ने राइट ऑफ वे (ROW) और ग्रीन बेल्ट पर किए गए अवैध कब्जों को निशाना बनाया। कार्रवाई के दौरान कई जगहों पर बुलडोज़र चलाकर अवैध ढांचों को ध्वस्त किया गया।
अभियान की शुरुआत डीएलएफ फेज-1 के ए ब्लॉक एक्सटेंशन से की गई, जहां बची हुई लेनों को क्लियर कराया गया। इसके बाद टीम डीएलएफ फेज-2 पहुंची, जहां सेंट्रल आर्केड मार्केट में अवैध टैक्सी स्टैंड और कियोस्क पूरी तरह हटाए गए। दक्षिण मार्ग पर चल रही अवैध व्यावसायिक गतिविधियों पर भी सख्त कार्रवाई की गई।
टीम-1 ने डीएलएफ फेज-1 और फेज-2 में करीब 550 मकानों को कवर करते हुए बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाया। इस दौरान लगभग 150 अवैध लॉन और पार्क हटाए गए, 40 से अधिक रैंप तोड़े गए और 100 से ज्यादा मकानों के सामने लगी ग्रिल, गेट, बैरिकेडिंग और सीढ़ियां हटाई गईं। बाजार क्षेत्रों में अवैध दुकानें, शेड और कियोस्क भी ध्वस्त किए गए।
एरिया वाइज कार्रवाई पर नज़र डालें तो:
साउथ सिटी-1: 96 मकानों के सामने से अवैध लॉन और फेंसिंग हटाई गई। साथ ही 15 लेबर क्वार्टर, 27 गार्ड रूम और 17 विज्ञापन बोर्ड हटाए गए।
पालम विहार: ब्लॉक-ए में 140 मकानों के सामने से अतिक्रमण हटाकर 18 मीटर चौड़ी सड़क को पूरी तरह साफ किया गया।
सुशांत लोक-2: 40 से अधिक अवैध संरचनाएं, जिनमें रैंप, गार्ड रूम और दीवारें शामिल हैं, हटाई गईं।
उप्पल साउथेंड (सेक्टर-49): गार्ड रूम, रैंप, कार शेड और अस्थायी ढांचों समेत कई अवैध निर्माण हटाए गए।
आरडी सिटी: पोर्टा केबिन, पार्किंग शेड, रैंप और अवैध होर्डिंग्स सहित बड़ी संख्या में अतिक्रमण ध्वस्त किए गए।
मालिबू टाउन और आसपास क्षेत्र: ग्रीन एरिया और सड़कों से बैरिकेडिंग, बाउंड्री वॉल और अवैध संरचनाएं हटाई गईं।
अन्य क्षेत्रों में: गार्ड रूम, रैंप, ग्रिल फेंसिंग और अवैध स्टेप्स हटाकर सड़क क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
डीटीपी (एनफोर्समेंट) अमित मधोलिया ने कहा कि यह अभियान केवल एक दिन की कार्रवाई नहीं, बल्कि शहर को सुव्यवस्थित बनाने की निरंतर प्रक्रिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग पहले ही लोगों को स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने का मौका दे चुका है, लेकिन अब नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी इसी तरह चरणबद्ध तरीके से गुरुग्राम की सभी लाइसेंस कॉलोनियों में अभियान जारी रहेगा, ताकि सड़कों और सार्वजनिक स्थलों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त बनाया जा सके।




