Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
दिल्ली के द्वारका इलाके की बिंदापुर थाना पुलिस ने मटियाला के डस्ट लैंड इलाके में नीरज बवाना गैंग के दो गुर्गों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत के दीपालपुर गांव के प्रदीप और आशीष के रूप में हुई है। उनके पास से इटली मेड पिस्टल, चार कारतूस, 12 हजार रुपये नकदी व कार बरामद की है। आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि बिंदापुर थाना पुलिस को जानकारी मिली थी कि नीरज बवाना गैंग के दो गुर्गे किरण गार्डन इलाके में घूम रहे है। टीम ने जाल बिछाया और कार को रुकवाया। काली वर्ना कार रोककर तलाशी ली तो उनमें से एक के पास इटली में बनी सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और चार कारतूस बरामद हुए। दोनों आरोपी 31 और 32 साल के हैं और नशे के आदी हैं। पूछताछ के दौरान पता लगा कि पकड़े गए दोनों आरोपी सोनीपत के दीपालपुर गांव के रहने वाले हैं।
पूछताछ में प्रदीप ने बताया कि उसका चचेरा भाई प्रमोद नीरज बवाना गैंग से जुड़ा था। प्रमोद की शादी नीरज बवाना की भतीजी से हुई थी। 2022 में गोगी गैंग के गुर्गों ने प्रमोद के चचेरे भाई को हिरनकी गांव में गोली मार दी थी। उसके बाद प्रदीप बदला लेना चाह रहा था। इसीलिए वह अपने पास अवैध हथियार रखने लगा था। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर पिस्टल, कार व कारतूस जब्त कर लिए। उनके पास से 12 हजार रुपये नकदी भी बरामद हुई। बिंदापुर थाना पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
इस टीम ने पकड़ा
द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि ‘नो गन्स, नो गैंग्स’ अभियान के तहत बिंदापुर थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। इंस्पेक्टर नरेश सांगवान और एसीपी संजीव कुमार की निगरानी में बनाई गई टीम में हेड कॉन्स्टेबल नीरज, दीपक, कॉन्स्टेबल राजेश, आशीष और संदीप शामिल हैं।




