Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
दिल्ली के रोहिणी इलाके में पुलिस ने नशा मुक्त भारत अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से करीब डेढ़ करोड़ रुपये की हेरोइन बरामद की है। आरोपियों की पहचान दिल्ली के नंद नगरी के ए ब्लॉक के समीर अहमद, मनोज सोनी व गाजियाबाद के लोनी के आशीष सोनी के रूप में हुई है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुध विहार थाना पुलिस कर्मी इलाके में गश्त कर रहे थे। इस दौरान उन्हें पता लगा कि सेक्टर 24 में नशीले पदार्थों की तस्करी हो रही है। पुलिस ने जाल बिछाया। पुलिस ने देखा कि दो युवक बाइक पर सवार होकर सेक्टर 24 इलाके में घूम रहे थे। पुलिस ने पीछा करके दोनों को पकड़ लिया। जब उनकी तलाशी ली गई तो उनसे 300 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वह नशा बेचते हैं। उन्हें नशा उनका एक साथी देता है। उनकी निशानदेही पर एक और आरोपी को पकड़ लिया। उससे 57 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार इस हेरोइन की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये है। पुलिस ने उनके पास से एक बाइक भी बरामद की है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पिछले एक साल से आसानी से पैसे कमाने के लिए हेरोइन बेच रहे थे।
मदन लाल मीणा के नेतृत्व में की गई कार्रवाई
बुध विहार थाने के एसएचओ मदन लाल मीणा और एसीपी रामफूल मीणा की देखरेख में बनाई गई टीम ने आरोपियों को पकड़ा। इस टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर संदीप गोदारा ने किया।




