Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
गुड़गांव।
गुड़गांव के सुशांत लोक 1 के गलेरिया मार्केट रोड पर सड़क के बीच में बने गड्ढे में एक महिला प्रोफेसर की कार पलट गई। यह हादसा तब हुआ जब वह सेक्टर 55 स्थित सुशांत यूनिवर्सिटी से शाम को ड्यूटी खत्म करके घर लौट रही थीं। राहगीरों ने कार में फंसी महिला को बाहर निकाला। प्रोफेसर को ज्यादा चोट नहीं आई, लेकिन उनकी गाड़ी पूरी तरह से खराब हो गई। अब इसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह से संबंधित विभाग की ओर से लापरवाही की गई थी। गड्ढे के आसपास कोई बेरिकेडिंग नहीं की गई थी। इस वजह से दुर्घटना होना लाजमी थी।

दरअसल प्रोफेसर रिजवुड एस्टेट सोसाइटी में रहती हैं। वह सुशांत यूनिवर्सिटी में एचओडी के पद पर काम करती हैं। सोमवार शाम को जब वह यूनिवर्सिटी से घर वापस आ रही थीं। इस दौरान सड़क पर अंधेरा होने की वजह से उन्हें सड़क पर गड्ढा होने का अंदाजा नहीं लगा। अचानक से गाड़ी गड्ढे में गिरी और पलट गई। आसपास के लोगों ने उन्हें बाहर निकाला। गनीमत रही कि उन्हें चोट नहीं आई। नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रोफेसर ने बताया कि वह काफी डरी हुई हैं और उनकी कार को काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि वह इस मामले में गुड़गांव पुलिस, जीएमडीए और नगर निगम प्रशासन के खिलाफ लिखित शिकायत करेंगी। इस बारे में फिलहाल पुलिस से कोई शिकायत नहीं की गई है।

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रही लापरवाही, बड़े हादसे का इंतजार
बता दें कि गड्ढे के चारों ओर न तो बैरिकेडिंग लगाई गई है और न ही कोई चेतावनी का बोर्ड लगाया गया है। गड्ढा कई महीनों से खुला पड़ा था, लेकिन निर्माण एजेंसी ने सुरक्षा का ध्यान नहीं रखा। पॉश इलाके की मुख्य सड़क पर इस तरह का गड्ढा किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकता था। लगता है संबंधित विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। एेसे में यह देखना काफी मजेदार होगा कि संबंधित विभाग की ओर से संबंधित अधिकारियों पर क्या कार्रवाई की जाएगी।
प्रोफेसर ने शिक्षा क्षेत्र में जीते हैं कई अवार्ड
प्रोफेसर डॉ. चित्रा कौल जीडी गोयनका यूनिवर्सिटी में प्रिंसिपल प्रोफेसर भी हैं। उन्होंने कंप्यूटर साइंस में पीएचडी की है और शिक्षा के क्षेत्र में कई अवॉर्ड भी जीते हैं। उन्होंने कहा कि वह इस घटना से स्तब्ध हैं और फिलहाल वह नोएडा गई हुई हैं। अभी तक इस मामले में कोई शिकायत नहीं की गई है।
