Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 17 सितंबर। गुरुग्राम में एक बाइक को बचाने की कोशिश में ऑटो पलट गया। जिससे ऑटो चालक और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, ऑटो चालक ICU में भर्ती है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हादसे में मारा गया बिहार निवासी अमरेंद्र कुमार यहां बांबे शेविंग कंपनी के उद्योग विहार स्थित कॉर्पोरेट ऑफिस में डाटा एनालिस्ट के रूप में काम करता था। वह मूल रूप से बिहार के सीवान जिले का रहने वाला था और पिछले 4 वर्षों से गुरुग्राम में रह रहा था। 5 महीने पहले ही परेफेती कंपनी छोड़कर बांबे शेविंग कंपनी ज्वाइन की थी। यहां उसने करीब 10 लाख के पैकेज पर जॉब ऑफर की गई थी। हादसे के वक्त वह ऑफिस से अपने रूम पर लौट रहा था।
वहीं, पुलिस के अनुसार मंगलवार शाम करीब साढ़े 7 बजे अमरेंद्र एक ऑटो में सवार था। तभी इफ्को चौक पर अचानक ऑटो के सामने एक तेज रफ्तार बाइक आ गई। ऑटो ड्राइवर संतराम ने ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ गया और बाइक वाले को बचाने के चक्कर में उसे अचानक ऑटो मोड़ना पड़ा। जिसके कारण ऑटो सड़क पर उलट गया।
अमरेंद्र और संतराम ऑटो के नीचे दब गए। राहगीरों ने ऑटो को खड़ा कर घायलों को बाहर निकला और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। जहां अमरेंद्र की इलाज के दौरान आज मौत हो गई। जबकि संतराम को आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद बाइक सवार फरार हो गया। गुरुग्राम पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है और संदिग्ध बाइक सवार की तलाश की जा रही है।
डीएलएफ फेस दो थाना एसएचओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बाइक की लापरवाही सामने आई है। दुर्घटनाओं की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बिहार में उनके परिवार को सूचना दी गई है।




