Image source : social media
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम में 11वीं की एक छात्रा को अगवा कर चलती कार में गैंगरेप किया गया। गैंगरेप के बाद आरोपी छात्रा को बेहोशी की हालत में सड़क पर फेंक कर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नाबालिग पीड़िता शिवाजी नगर थाना क्षेत्र में एक सरकारी स्कूल की 11वीं कक्षा की छात्रा है। मूल रूप से बिहार के मधुबनी की रहने वाली छात्रा के पिता मानेसर में एक कंपनी में काम करते है। यहां वह अपने माता पिता के साथ रहती है। पीड़िता की उम्र 17 साल है और वह चार संतानों में सबसे बड़ी है।
पीड़ित छात्रा को कोचिंग जाते समय अगवा किया गया और सुनसान इलाके में ले जाकर दो युवकों ने बारी-बारी से उसके साथ रेप किया। बाद में उसे चलती कार से फेंक कर फरार हो गए।
छात्रा ने पुलिस को बताया कि जब वह कोचिंग जा रही थी, तभी उसे जबरदस्ती कार में बैठा लिया गया। कार में बैठते ही आरोपियों ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद उसे पहाड़ियों पर एक सुनसान इलाके में ले गए, जहां दो युवकों ने उसके साथ रेप किया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसे अर्धचेतन हालत में चलती कार से सड़क पर फेंक कर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि एक आरोपी लड़की का जानकार है और उसने जबरदस्ती उसे कार में बैठा लिया। आरोपियों के नाम लक्ष्य और अंकित बताए गए हैं।
किसी तरह घर आने पर पीड़िता रोने लगी। जब परिजनों ने उससे पूछा तो उसने रोते हुए अपने साथ हुई पूरी कहानी बताई। बेटी के साथ हुई वारदात सुनकर परिजनों के होश उड़ गए। वे उसे लेकर थाने पहुंचे और पिता ने मामला दर्ज करवाया।
पुलिस को दी शिकायत में पिता ने बताया कि आरोपी उसे काले रंग की कार में पहाड़ियों पर सुनसान जगह पर ले गए और उसके साथ बेहोशी की हालत में गलत काम किया। नशीले पदार्थ के प्रभाव से वह प्रतिरोध नहीं कर सकी।
पिता की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसकी हालत स्थिर है।
पीड़िता का कहना है कि एक आरोपी को वह जानती है और इसी का फायदा उठाकर कोचिंग जाते समय वह बार-बार अपने साथ कार में बैठने के लिए दबाव बनाता रहा। उसके दबाव में आकर वह कार में बैठ गई, जिसके बाद दोनों आरोपी उसे सुनसान जगह पर ले गए। उसका जानकार आरोपी गांधी नगर का रहने वाला है।




