
Bilkul Sateek News
नूंह, 27 अप्रैल। नूंह में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर आज एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य घायल हो गए। इनमें 2 बच्चे भी शामिल हैं। हादसा फिरोजपुर झिरका में रवा गांव के पास हुआ। कार सवार दिल्ली से मेहंदीपुर बालाजी जा रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को मांडी खेड़ा के अल आफिया अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखवाया। वहीं, एक महिला घायल होने के बाद भी जमीन पर लेटे-लेटे ही अपनी रोती बच्ची को चुप कराती रही।
मरे जानवर की वजह से पलटी कार
दिल्ली में चांदनी चौक के रहने वाले आशुतोष ने पुलिस को बताया कि आज वह अपने परिवार के साथ राजस्थान में मेहंदीपुर बालाजी जा रहा था। कार में उसके पिता आनंद, मां सुशीला, बहन मीनाक्षी व निधि और भांजी रिद्धि व सिद्धि थीं। जब वे फिरोजपुर झिरका के रवा गांव के पास पहुंचे तो सड़क पर एक जानवर चिपका हुआ था। कार की रफ्तार तेज होने के कारण उसका अगला टायर स्लिप हो गया और अनियंत्रित होकर वह पटल गई, जिसमें सभी लोग घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार सीधी कर सभी को बाहर निकाला। उसकी मां की हालत काफी खराब थी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाकी सभी का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मालूम हो कि कल ही नूंह में ही दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार पिकअप ने 11 लोगों को कुचल दिया था, जिसमें 6 महिलाओं समेत 7 लोगों की मौत हो गई थी। साथ ही 4 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। हादसा इतना भयानक था कि कई लाशों के 2 टुकड़े हो गए थे। ये सभी एक्सप्रेस-वे पर सफाई का काम करने आए थे। मरने वालों में 4 महिलाएं एक ही परिवार की थीं।