गुरुग्राम, 9 फरवरी 2026
बकाया प्रॉपर्टी टैक्स पर निगम की सख्ती, सेक्टर-45 की संपत्ति सील
40 लाख रुपये से अधिक टैक्स बकाया, डिफॉल्टरों के खिलाफ कार्रवाई तेज
गुरुग्राम, 9 फरवरी। नगर निगम गुरुग्राम द्वारा बकाया प्रॉपर्टी टैक्स की वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाया गया है। इसी क्रम में नगर निगम की जोन-4 टैक्स शाखा की टीम ने सेक्टर-45 स्थित एक डिफॉल्टर संपत्ति को सील करने की कार्रवाई की है। निगम की इस कार्रवाई से टैक्स न चुकाने वाले संपत्ति मालिकों में हड़कंप मच गया है।
टैक्स शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार सेक्टर-45 में स्थित 13-ई नंबर की संपत्ति पर लंबे समय से प्रॉपर्टी टैक्स बकाया था। इस संपत्ति पर कुल 40 लाख 46 हजार 712 रुपये का टैक्स लंबित पाया गया। निगम द्वारा कई बार नोटिस जारी किए गए और भुगतान के लिए पर्याप्त अवसर भी दिए गए, लेकिन इसके बावजूद संबंधित संपत्ति मालिक ने बकाया राशि जमा नहीं करवाई। इसके बाद मजबूरन निगम को संपत्ति सील करने की कार्रवाई करनी पड़ी।

नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि प्रॉपर्टी टैक्स डिफॉल्टरों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जिन संपत्ति मालिकों ने अभी तक अपना बकाया टैक्स जमा नहीं किया है, उन्हें अंतिम चेतावनी दी जा रही है। यदि समय रहते भुगतान नहीं किया गया तो उनकी संपत्तियों के खिलाफ भी सीलिंग जैसी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आयुक्त ने बताया कि प्रॉपर्टी टैक्स से प्राप्त राजस्व का उपयोग शहर की सफाई व्यवस्था, सड़कों के रखरखाव, स्ट्रीट लाइट, पार्कों के विकास और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर किया जाता है। समय पर टैक्स भुगतान से ही शहर के संतुलित और व्यवस्थित विकास को गति मिलती है। नगर निगम ने सभी संपत्ति मालिकों से अपील की है कि वे अपना बकाया टैक्स शीघ्र अदा करें और दंडात्मक कार्रवाई से बचें।



