Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 13 सितंबर। फरीदाबाद की एक अदालत में 30 करोड़ के घोटाले की आरोपी बीडीपीओ पूजा शर्मा को पेश किया गया। अदालत ने पूजा शर्मा को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस बीच, फरीदाबाद एसीबी इस घोटाले में पूर्व विधायक से भी पूछताछ कर सकती है। यह घोटाला पूर्व विधायक के कार्यकाल में ही हुआ था।
फरीदाबाद एसीबी के डीएसपी अर्जुन राठी ने बताया कि पूजा शर्मा को 2 दिन के रिमांड के बाद आज अदालत में पेश किया गया। अदालत ने पूजा शर्मा को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
उन्होंने बताया कि बल्लभगढ़ ब्लाक की बीडीपीओ पूजा शर्मा को एंटी करप्शन ब्यूरो ने 30 करोड़ के घोटाले में गिरफ्तार किया था। पूजा शर्मा पर आरोप है कि उसने 2022 में गांव मुंजेड़ी में विकास कार्यों के नाम पर करीब 2 महीने में ही खाते से 30 करोड़ रुपये निकाले थे। जिसका मामला सदर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया था और इसकी जांच एंटी करप्शन ब्यूरो कर रही थी। बीडीपीओ पूजा शर्मा के साथ ठेकेदार हीरालाल को भी गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि घोटाला पृथला विधानसभा से पूर्व निर्दलीय विधायक नयनपाल रावत के कार्यकाल में हुआ था। एसीबी पूर्व निर्दलीय विधायक से भी जल्द पूछताछ कर सकती है और उन्हें जांच में शामिल कर सकती है। डीएसपी ने कहा कि इस मामले में अन्य आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी होगी।




