Image source : social media
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 16 सितंबर। गुरुग्राम में कुछ युवकों ने एक युवक के साथ मारपीट की और रिवाल्वर दिखा कर जान से मारने की धमकी भी दी। पूरा मामला वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। सेक्टर-40 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले ली है। पुलिस मामले की गहना से जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार साउथ सिटी-एक निवासी सुग्रीव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार को वह दिल्ली जयपुर एक्सप्रेसवे के पास सिग्नेचर टावर के नजदीक स्थित लैला क्लब में मौजूद था। इसी दौरान उसका कुछ लोगों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि युवकों ने उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। आरोप है कि एक दर्जन से ज्यादा युवकों ने उसे धमकाते हुए रिवाल्वर दिखाई और जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 125, 351(3) और आर्म्स एक्ट की धारा 25(1) बीए के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने छह आरोपियों की पहचान कर ली है, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।




