Image Source : social media
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 29 सितंबर। गुरुग्राम में भोंडसी जेल में नाबालिग से रेप और उसकी हत्या में आजीवन कारावास की सजा काट रहा एक कैदी फरार हो गया है। कैदी को पैरोल मिली थी। पैरोल की अवधि समाप्त होने के बाद भी कैदी वापस जेल नहीं पहुंचा।
उत्तर प्रदेश के रहने वाला कैदी साल 2018 में रेप, हत्या कर शव खुर्द बुर्द करने के मामले में आजीवन कारवास की सजा काट था। भोंडसी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर गुड कंडक्ट प्रिजनर (टेंपररी रिलीज) एक्ट की धारा 9(2) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भोंडसी थाना पुलिस को दी शिकायत में जेल सहायत अधीक्षक अमरजीत ने बताया कि रेवाड़ी के कसौला थाना के अंतर्गत साल 2018 में आईपीसी की धारा 376ए, 302, 201 व 6 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस केस की जांच के दौरान पुलिस ने हाथरस उत्तर प्रदेश के रहने वाले सन्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मामला अदालत में चला तो पुलिस द्वारा अदालत में पेश किए गए तथ्यों के आधार पर अदालत ने उसे आजीवन कारावस व 15 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। इसके बाद से ही वह जेल में बंद था। उसे रेवाड़ी से गुड़गांव की भोंडसी जेल में भेजा गया था।
उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कैदी सन्नी को 10 सप्ताह की पैरोल पर रिहा किया गया था जिसने पिछले दिनों वापस जेल आना था, लेकिन वह नहीं आया और पैरोल पर जाने के बाद फरार हो गया। इस पर भोंडसी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




