Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 10 नवंबर। गुरुग्राम पुलिस ने सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग करने के मामले में हथियार उपलब्ध कराने वाले आरोपी पंजाब के सरपंच से 3 विदेशी पिस्टल और 25 कारतूस बरामद किए हैं। बरामद 3 विदेशी पिस्टल्स (2 मार्का बरेटाः मेड-इन-इटली व 1 मेड-इन-पाकिस्तान) की अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये है। पुलिस ने सरपंच को ऑपरेशन “ट्रैकडाउन“ के तहत गिरफ्तार किया था। गाड़ी से जा रहे सिंगर पर 14 जुलाई की शाम को एसपीआर रोड़ पर फायरिंग की गई थी।
अपराध शाखा सेक्टर-31 प्रभारी आनंद कुमार की टीम ने इस मामले में 1 और आरोपी को बठिंडा पंजाब से गिरफ्तार किया था। जिसकी पहचान बिक्रमजीत सिंह निवासी गांव कटोरा जिला फिरोजपुर (पंजाब) के रूप में हुई। बिक्रमजीत सिंह को 7 नवंबर को अदालत में पेश करके 3 दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया।
पुलिस हिरासत रिमांड के दौरान पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई करते हुए बिक्रमजीत सिंह की निशानदेही पर उसके कब्जे से 3 विदेशी पिस्टल (02 मार्का बरेटाः मेड-इन-इटली व 01 पिस्टल मेड-इन-पाकिस्तान) तथा 25 कारतूस बरामद किए गए। पुलिस पूछताछ में यह भी पता चला कि बिक्रमजीत सिंह गांव कटोरा में सरपंच के पद पर कार्यरत है और उसने अपने साथी गगनदीप के माध्यम से अन्य आरोपी से कुल 6 हथियार अन्य आरोपियों को सप्लाई करने के लिए प्राप्त किए थे। उन 6 हथियारों में से 3 हथियार बिक्रमजीत अपने अन्य साथियों को सप्लाई कर चुका था और 3 हथियार अपने पास रखे हुए था। जो 3 हथियार इसके द्वारा अपने साथी के माध्यम से किसी अन्य साथी को स्पलाई किए गए थे। उन हथियारों का प्रयोग इस वारदात को अंजाम देने में किया गया था तथा बाकी बचे 3 हथियार पुलिस टीम द्वारा पुलिस हिरासत रिमांड के दौरान बिक्रमजीत के कब्जा से बरामद किए गए हैं।
पुलिस द्वारा इस मामले में अब तक कुल 11 आरोपियों विशाल, हितेश, गौतम उर्फ छोटू, रमनदीप उर्फ पेट्रोल, शुभम उर्फ काला, शक्ति पांचाल व रामनिवास उर्फ कालू, सुनील सरधानिया, प्रदीप व गगनदीप उर्फ जज और बिक्रमजीत सिंह को गिरफ्तार किया जा चुका है। जिनके कब्जे से वारदात को अंजाम देने में प्रयोग की गई गाड़ी व हथियार इत्यादि भी बरामद किए गए।




