शाही चोर, शाही पार्टी
जेबखर्च न मिलने पर चोर बने छात्र
कोई सीए, कोई वकालत का छात्र
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 6 दिसंबर। गुरुग्राम पुलिस ने क्लबों में पार्टी करने के लिए गाड़ियों के टायर चोरी करने वाले 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चारों आरोपी कॉलेज के छात्र हैं और घरवालों से जेबखर्च नहीं मिलने पर इन्होंने चोरी करना शुरू कर दिया, ताकि क्लब जाने के अपने शौक को पूरा कर सके। इनमें से एक सीए का तो दूसरा वकालत का छात्र है। बाकी दोनों बीकॉम की पढ़ाई कर रहे हैं।
चारों एक कार में आते और सेक्टरों और होटलों के बाहर खड़ी गाड़ियों की रैकी करते, फिर मौका पाकर गाड़ी के टायर और रिम निकालकर गाड़ी को ईंटों पर खड़ा कर लेते तथा टायर और रिम को अपनी कार में रखकर ले जाते थे। पिछले दो महीने में 14 टायर और रिम की चोरी करके यह पुलिस के लिए सिरदर्दी बने हुए थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस थाना सेक्टर-40 में 16 नवंबर को एक व्यक्ति ने सी-ब्लॉक उदय नगर सेक्टर-45 में अपनी खड़ी गाड़ी के चारों टायर चोरी होने के बारे में दी थी।
अपराध शाखा सेक्टर-43 प्रभारी नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस मामले में 4 आरोपियों को कल सेक्टर-49 से गिरफ्तार किया। जिनकी पहचान ऋषिकेश निवासी सेक्टर-39 झाड़सा गुरुग्राम (सीए कोर्स छात्र),
अर्जुन निवासी गांव सिवाना जिला झज्जर वर्तमान निवासी झाड़सा गुरुग्राम (बाबा मस्तनाथ यूनिवर्सिटी में बीए(एलएलबी) का छात्र), पीयूष राणा निवासी गांव जोधपुर जिला पलवल वर्तमान निवासी झाड़सा गुरुग्राम (बीकॉम छात्र, गुरुग्राम यूनिवर्सिटी) और तुषार कुमार निवासी राजवाड़ा जिला मुंगेर (बिहार) वर्तमान निवासी झाड़सा गुरुग्राम (बीकॉम छात्र, डीएसडी कॉलेज, गुरुग्राम) के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पुलिस पूछताछ में पता चला कि ये चारों बचपन के दोस्त हैं और अतुल मेमोरियल स्कूल में साथ पढ़े हैं। सभी को पार्टी और क्लब जाने का शौक है। घर से जेबखर्च न मिलने पर इन्होंने यह चोरी करना शुरू कर दिया। ये रात के समय अर्जुन की मारुति फ्रॉनक्स कार में सवार होकर आते और सेक्टरों और होटलों के बाहर खड़ी गाड़ियों की रैकी करते, फिर मौका पाकर जैक व अन्य उपकरणों की मदद से गाड़ी के टायर व रिम निकालकर गाड़ी को ईंटों पर खड़ा कर लेते तथा टायर-रिम को अपनी कार में रखकर ले जाते। पिछले 2 महीने से ये इन चोरियों को अंजाम देने में सक्रिय थे। बीते करीब 2 महीने में इन्होंने गुरुग्राम में उपरोक्त अभियोग समेत कुल 14 टायर-रिम चोरी करने की वारदातों को अंजाम देने का खुलासा किया है, जिनके संबंध में सम्बंधित थानों में अभियोग भी अंकित है।




