Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 28 सितंबर। गुरुग्राम में एक युवक से 1.46 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। युवक से एक विदेशी महिला ने सोशल मीडिया पर दोस्ती की थी। इसके बाद उसने एयरपोर्ट पर फंसने का झांसा देकर उससे पैसों की मांग की।
पुलिस को दी शिकायत में बिहार के सीवन के रहने वाले संजीव कुमार पंडित ने बताया कि वह मानेसर में किराए पर रहता है। वह बूचीर हाइड्रॉलिक्स कंपनी आईएमटी मानेसर में काम करता है। कुछ दिन पहले उसके पास हनाह कोलेमैन नाम की फेसबुक आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी।
इस अकाउंट की डीपी पर एक विदेशी महिला का फोटो लगा हुआ था। महिला ने उसके साथ अपना व्हाट्सऐप नंबर शेयर किया और वह चैट करने लग गई। इसके बाद उसने भारत आने का प्लान बनाया। कुछ दिन बाद उसके पास एक कॉल आया और उसने बताया कि वह दिल्ली एयरपोर्ट से बोल रही है।
उसने सूचना दी कि एक विदेशी महिला यहां आई है और उसके पास मेडिकल सर्टिफिकेट नहीं है। इसको भारत में एंट्री के लिए मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाना जरूरी होगा। इसके पास पैसे नहीं है, तो आप पैसे ट्रांसफर कर दो। कॉलर ने उसे एक क्यूआर कोड भेजा। जिस पर उसने 61 हजार 700 रुपये ट्रांसफर कर दिए।
इसके कुछ देर बाद एक और मोबाइल से कॉल आया कि आपका 50 हजार पाउंड का चेक आया हुआ है, इस भारतीय करेंसी में कन्वर्ट करवाना है तो 29 हजार रुपये की पेमेंट करनी होगी। इसके बाद भी उसने 84 हजार 800 रुपये अलग अलग बहाने बनाकर ट्रांसफर करवा लिए।
इसके बाद भी आरोपी उससे रुपये मांगते रहे, लेकिन उसे ठगी का एहसास हुआ तो इसकी शिकायत साइबर क्राइम की हेल्पलाइन पर कॉल किया। अब साइबर मानेसर थाना पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है। पुलिस उन खातों की पड़ताल की जा रही है, जिनमें रुपया ट्रांसफर हुआ है।




