Bilkul Sateek News
कुरुक्षेत्र, 22 मार्च। कुरुक्षेत्र में आज यज्ञ में आए ब्राह्मणों पर अंधाधुंध फायरिंग की गई, जिसमें तीन घायल हो गए। गुस्साए ब्राह्मणों ने सड़क पर उतरकर जबरदस्त प्रदर्शन किया। इस दौरान यातायात भी बाधित हुआ। पूरा बवाल बासी भोजन दिए जाने को लेकर हुआ। यज्ञ तीसरी बार बाधित हुआ है। यज्ञ में राज्य के बड़े बड़े राजनेता भी शामिल हो चुके हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार केशव पार्क में आयोजित 1000 कुंडीय यज्ञ के दौरान यह बवाल हुआ।
यज्ञ का आयोजन स्वामी हरि ओम दास कर रहे हैं। आरोप है कि उनके निजी सुरक्षा कर्मियों ने तीन लोगों को गोली मार दी, जिससे वे घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बवाल आज सुबह 9:30 बजे हुआ, जब यज्ञ में आए ब्राह्मणों ने बासी खाना दिए जाने का विरोध किया। उनका कहना था कि उन्हें ताजा भोजन उपलब्ध कराया जाए। इस विरोध के चलते यज्ञ आयोजकों के सुरक्षा गार्डों ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी, जिसमें लखनऊ से आए आशीष तिवारी को गोली लग गई। जिसके बाद गुस्साए ब्राह्मणों ने सड़क पर प्रदर्शन किया, बैनर-पोस्टर फाड़ दिए और पथराव किया।
ब्राह्मणों ने आरोप लगाया कि यज्ञ के पहले दिन से ही आयोजकों के बाउंसर उन्हें परेशान कर रहे थे। वे कभी भी किसी को थप्पड़ या डंडे मार देते थे। फायरिंग की घटना के बाद आक्रोशित ब्राह्मणों ने यज्ञशाला का गेट तोड़ दिया और सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे आम लोगों को भी परेशानी हुई.
यह यज्ञ 18 मार्च से शुरू हुआ था और 27 मार्च तक चलने वाला है. इसमें देशभर से 1,500 से अधिक ब्राह्मणों को आमंत्रित किया गया था। आयोजन में भाजपा के कई बड़े नेता जैसे प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बाड़ौली, पूर्व मंत्री सुभाष सुधा, राम विलास शर्मा, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल और सीएम नायब सैनी की धर्मपत्नी सुमन सैनी भी शामिल हो चुकी हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत LNJP अस्पताल भेजा गया।वोपुलिस ने प्रदर्शन कर रहे ब्राह्मणों को हटाने के लिए लाठीचार्ज किया, लेकिन प्रदर्शनकारी सड़क पर डटे रहे। वे बाउंसरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
बताया जा रहा इस यज्ञ का आयोजन तीसरी बार किया गया था, लेकिन हर बार कोई न कोई बाधा आती रही। 2021 में पहली बार आयोजन के दौरान पंडाल में आग लग गई थी, जिससे यज्ञ अधूरा रह गया। दूसरी बार बारिश के कारण आयोजन स्थल जलमग्न हो गया था। इस बार फायरिंग की घटना ने कार्यक्रम में खलल डाल दिया।




