Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 25 सितंबर। गुरुग्राम पुलिस ने एक नेपाली नौकरों के चोर गैंग का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस गैंग के तीन सदस्यों को पकड़ा है, जिसमें एक युवती और दो युवक शामिल हैं। तीनों के पास से फर्जी पहचान पत्र भी बरामद किए गए हैं। तीनों आरोपियों ने फर्जी आईडी दिखाकर घरों में काम लेने के बाद मकान मालिक को नशे की गोलियां खिलाकर चोरी करने की वारदात को अंजाम देने की साजिश रची थी। गुरुग्राम पुलिस ने इससे पहले इसी महीने के प्रथम सप्ताह में नेपाल चोर गैंग के एक सरगना को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। इस मुठभेड़ में आरोपी पुलिस की गोली लगने से घायल भी हो गया था। आरोपी फेसबुक के जरिए अपने गैंग को ऑपरेट करता था और चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए नेपाल से भारत आता था। आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद वापस नेपाल लौट जाता था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अपराध शाखा सेक्टर-43 प्रभारी नरेंद्र कुमार शर्मा की पुलिस ने सूत्रों से इन नेपाली चोरों के बारे में एक सूचना मिली थी। जिसके बाद उप-निरीक्षक विक्की, सिपाही अजीत सिंह, सिपाही प्रियांक और सिपाही रोहित ने डीएलएफ फेज-2 के पास से फर्जी आई.डी. कार्ड समेत एक युवती और दो युवकों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान हेमंत (उम्र-28 वर्ष) निवासी गांव जुवापानी जिला बजुरा (नेपाल), युवराज भंडारी (उम्र-29 वर्ष) निवासी गांव बनेगांव जिला बजुरा (नेपाल) और सुष्मिता (उम्र-29 वर्ष) निवासी कल्याली जिला अहलाई (नेपाल) के रूप में हुई। पुलिस ने इनके पास से 9 फर्जी आई.डी. कार्ड और पहचान-पत्र भी बरामद किए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि इन्होंने बरामद आईडी कार्ड और पहचान-पत्र फर्जी तरीके से बनवाए थे। तीनों आरोपियों ने 3-3 पहचान-पत्र बनवा रखे थे, जिनमें फोटो उनकी है परंतु आईडी में नाम, पिता का नाम व पता अलग-अलग हैं। इन फर्जी पहचान पत्रों का तीनों ने घरेलू नौकर बनने के लिए प्रयोग करना था। एक बार इन फर्जी आईडी के आधार पर उनको घरेलू नौकर की नौकरी मिल जाती तो वे मौका देखकर काम के दौरान मकान मालिक को कुछ नशीला पदार्थ खिलाकर या पिलाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते।
पुलिस पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि हेमंत पहले भी एक मकान मालिक को नशीला पदार्थ पिलाकर चोरी की वारदात को अंजाम दे चुका है। जिस संबंध में पुलिस थाना सिविल लाइंस में पहले से ही मामला दर्ज है और उस मामले में वह वांछित है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।




