Bilkul sateek news
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम: साइबर सिटी गुरुग्राम में शनिवार देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब बाइक सवार बदमाशों ने एक लग्जरी कार शोरूम को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फायरिंग में शोरूम के शीशे टूट गए और कई महंगी गाड़ियों को नुकसान पहुंचा। घटना में कार में बैठे ड्राइवर को भी गोली छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गया।

पहले मिली थी करोड़ों की फिरौती की धमकी
पुलिस जांच में सामने आया है कि शोरूम से जुड़े रियल एस्टेट कारोबारी को अक्टूबर 2024 में गैंग की ओर से करोड़ों रुपये की फिरौती की धमकी दी गई थी। इसी मामले में सेक्टर-37 थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। अब पुलिस इस फायरिंग को उसी धमकी से जोड़कर जांच कर रही है।
बाइक पर आए तीन बदमाश
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक देर रात तीन बदमाश बाइक पर आए और शोरूम के बाहर खड़ी कारोबारी की लग्जरी कार पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद उन्होंने शोरूम की बिल्डिंग पर भी कई गोलियां चलाईं। गोलियों से शोरूम के शीशे चकनाचूर हो गए और अंदर खड़ी कई लग्जरी गाड़ियों को नुकसान पहुंचा।
ड्राइवर बाल-बाल बचा
फायरिंग के समय कार में मौजूद ड्राइवर राजपाल को गोली छूकर निकल गई। घायल हालत में उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
गैंग कनेक्शन की जांच
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार इस वारदात में झज्जर जिले के कुलासी गांव के रहने वाले अतुल, दीपक और नीरज की पहचान की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। जांच में इस घटना के तार गैंग से जुड़ने की भी आशंका जताई जा रही है।
शहर में सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना के बाद गुरुग्राम के कारोबारी इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। व्यापारियों का कहना है कि अगर शहर के व्यस्त इलाके में इस तरह खुलेआम फायरिंग हो सकती है, तो सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।




