Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 13 मार्च 2026। गुरुग्राम पुलिस ने शादियों में वैलेट पार्किंग ड्राइवर बनकर कार चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी शादी समारोह में आने वाले मेहमानों की कार पार्क करने के बहाने चाबी लेकर गाड़ी चोरी कर लेता था। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की एक कार भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 1 मार्च 2026 को एक व्यक्ति ने थाना पालम विहार, गुरुग्राम में शिकायत दी थी कि नोटिंग बैंक्विट हॉल की पार्किंग से उसकी कार किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ली गई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-17 गुरुग्राम की टीम ने कार्रवाई करते हुए 12 मार्च 2026 को इफको चौक के पास से एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान सचिन उर्फ सनम, निवासी गांव रजोकरी (दिल्ली) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी आदतन अपराधी है। वह शादी समारोहों में वैलेट पार्किंग कर्मचारी बनकर मेहमानों से कार की चाबी ले लेता था और मौका मिलते ही कार लेकर फरार हो जाता था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गुरुग्राम में चोरी के 5 मामले, दिल्ली में शस्त्र अधिनियम और चोरी के 5 मामले, जबकि सोनीपत में भी चोरी का 1 मामला दर्ज है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक कार बरामद कर ली है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।




