Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम। सेक्टर-54 स्थित एक पॉश रिहायशी सोसाइटी में पड़ोसियों के बीच मामूली विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया। विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी के हाथ का अंगूठा दांतों से काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल के अंगूठे की हड्डी टूट गई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, सोसाइटी के पहले फ्लोर पर रहने वाले आरोपी और चौथे फ्लोर पर रहने वाले पीड़ित के बीच फोन पर किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते यह विवाद गाली-गलौज में बदल गया। इसके बाद आरोपी गुस्से में पीड़ित के फ्लैट पर पहुंच गया। जैसे ही पीड़ित ने दरवाजा खोला, आरोपी ने उस पर हमला कर दिया।

हमले से घर में मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित परिवार के मुताबिक, आरोपी ने पीड़ित का दाहिना हाथ पकड़कर उसके अंगूठे को दांतों से काट लिया। हमले में अंगूठे का मांस बुरी तरह जख्मी हो गया और नाखून जड़ से उखड़ गया। घटना के दौरान घर में मौजूद महिलाएं और बच्चे घबरा गए और शोर मच गया। फर्श पर खून फैलने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
डॉक्टरों ने सर्जरी की दी सलाह
घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों की प्रारंभिक जांच में पता चला कि अंगूठे की अंदरूनी हड्डी के कई टुकड़े हो गए हैं। चिकित्सकों ने पीड़ित की हालत गंभीर बताते हुए सर्जरी की सलाह दी है।
आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए Gurugram Police ने सेक्टर-53 थाने में आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद सोसाइटी के लोगों में दहशत का माहौल है और निवासियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है।




