
Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 4 अगस्त। फरीदाबाद में “विभाजन विभीषिका राज्य स्तरीय कार्यक्रम” के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली की दो बार जुबान फिसल गई। वे कार्यक्रम की तय तिथि 14 अगस्त की दो बार 14 अप्रैल बोल गए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आज यहां भाजपा जिला कार्यालय अटल कमल में पहुंचे थे। उन्होंने यहां “विभाजन विभीषिका राज्य स्तरीय कार्यक्रम” को लेकर मीडिया को जानकारी दी। कार्यक्रम का आयोजन 14 अगस्त को होगा। इस राज्य स्तरीय विभाजन कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विशेष रूप से शिरकत करेंगे और इस कार्यक्रम में प्रदेश के मंत्री और विधायक भी पहुंचेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि इस कार्यक्रम में विभाजन का दंश झेल चुके पाकिस्तान से आए लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा और पूरे प्रदेश में मंडल स्तर पर तिरंगा यात्रा भी निकाली जाएगी और शहीदों और महापुरुषों की प्रतिमाओं पर फूल मालाएं अर्पित करते हुए स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा और साथ ही विभाजन विभीषिका से संबंधित एक प्रदर्शनी का भी आयोजन होगा।
मीडिया को जानकारी देते हुए बडौली के मुंह से दो बार कार्यक्रम की तिथि 14 अगस्त की जगह 14 अप्रैल निकली। एक बार तो उन्होंने तुरंत उस गलती को सुधार लिया, परंतु दूसरी बार भी उन्होंने वहीं गलती कर दी। इस मौके पर उनके साथ जिलाध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, पूर्व शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा और भाजपा कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।