
Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 2 जुलाई। फरीदाबाद के नीलम चौक स्थित गोल चक्कर पार्क में एक बार फिर से देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की प्रतिमा का अपमान किया गया है। कल रात फिर से शरारती तत्वों ने पंडित जवाहर लाल नेहरू की प्रतिमा पर स्प्रे पेंट डालकर अपमान करने का काम किया है।
बता दें कि बीते मई महीने में भी इसी तरह स्प्रे पेंट द्वारा प्रतिमा पर स्प्रे किया गया था, जिसके बाद शहर के लोगों में भारी रोष देखा गया था और समाजसेवियों के द्वारा मूर्ति की सफाई की गई थी और पुलिस प्रशासन से भी मांग की थी इन शरारती तत्वों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
वहीं, उस समय पुलिस अधिकारी ने भी कहा था कि जल्द से जल्द शरारती तत्वों को पकड़ा जाएगा, लेकिन आज तक उनका कोई पता नहीं लगा। जिसके चलते एक बार फिर से शरारती तत्वों द्वारा देश के प्रथम प्रधानमंत्री की प्रतिमा को अपमानित किया गया है। वहीं कांग्रेस के पूर्व मंत्री आफताब अहमद, वरिष्ठ नेता विजय प्रताप, कृष्ण अत्री नीलम चौक पर पहुंचे और नेहरू की प्रतिमा को साफ करवाया और जिला प्रशासन व भाजपा नेताओं पर सवालिया निशान उठाए।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय प्रताप एवं पूर्व परिवहन मंत्री कांग्रेस सरकार आफताब अहमद ने कहा कि इस तरह का घटिया काम विक्षिप्त मानसिकता के लोग ही करवा रहे हैं। ये दिखाने के लिए की उनकी मानसिकता कितनी ओछी है। उन्होंने कहा कि नेहरू देश के प्रथम प्रधानमंत्री थे और मौजूदा सरकार उनके सम्मान की रक्षा तक नहीं कर पा रही है। भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि स्मार्ट सिटी का ढिंढोरा पीटते है और इतने मुख्य चौराहे पर सीसीटीवी तक नहीं है। फरीदाबाद की पहचान है नीलम चौक तो इस चौक पर ही कैमरा नहीं है, तो लोगों की सुरक्षा कैसे करेंगे। उन्होंने कहा कि इसी चौक पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल वाजपेयी की भी प्रतिमा है जो कि शुक्र है सुरक्षित है, लेकिन जिस तरह से प्रथम प्रधानमंत्री नेहरू की प्रतिमा का अपमान किया जा रहा है। जिसकी जिम्मेदारी लोकल एडमिनिस्ट्रेशन ओर भाजपा नेताओं की बनती है उनको शर्म आनी चाहिए और नेहरू की प्रतिमा को गलासआउट से कवर करना चाहिए और अगर वह नहीं कर सकते तो कांग्रेस स्वयं करवाएगी।
वहीं पूर्व परिवहन मंत्री आफताब अहमद ने कहा कि बार-बार ऐसी हरकत होना एक षड्यंत्र है, क्योंकि कांग्रेस पार्टी द्वारा पहले भी शिकायत लिखित में दी हुई है इसके बावजूद दोबारा से वही हरकत दोहराया जाना साफ दर्शाती है कि हरियाणा में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं है।