Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (Ajay Verma), 4 सितंबर। नलिन हुड्डा ने आज फरीदाबाद शहर में बढ़ रही रोड रेज घटनाओं को लेकर गंभीर चिंता जताई और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।
नलिन हुड्डा ने आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि हाल ही में उनकी टीम के सदस्य अरुण शर्मा के साथ रोड रेज की घटना घटी। उन्होंने पुलिस हेल्पलाइन 112 नंबर पर संपर्क किया, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।
चौंकाने वाली बात यह रही कि उल्टा शिकायतकर्ता अरुण शर्मा के साथ ही पुलिस ने अभद्र व्यवहार किया और मामले को बिना कार्रवाई के ही बंद कर दिया।
इस घटना से संबंधित ऑडियो रिकॉर्डिंग स्वयं अरुण शर्मा द्वारा मीडिया के साथ साझा की गई है, जो पुलिस की उदासीनता और लापरवाही को उजागर करती है।
उन्होंने कहा कि अगर पुलिस का खराब रवैया नहीं बदला तो लोग मदद के लिए पुलिस को बुलाने से डरेंगे और अपराधियों का मनोबल और बढ़ेगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में नलिन हुड्डा ने हाल की कुछ घटनाओं का उल्लेख किया…
2 अगस्त 2024ः कार चालक द्वारा ऑटो चालक की बेरहमी से पिटाई।
4 अगस्त 2024ः एसयूवी चालक ने ऑटो वाले को पीटा।
27 नवंबर 2024ः फरीदाबाद में रोड रेज मामले में व्यक्ति को गोली मारी गई।
29 मई 2025ः बड़खल प्याऊ के पास कारोबारी पर हमला और लूटपाट।
3 जून 2025ः सेक्टर 12 में वकील जस्समीत और उनके साथियों पर हमला।
17 अगस्त 2025ः तेज रफ्तार कार का बड़खल फ्लाईओवर के नीचे पुलिस बूथ से टकराना।
नलिन हुड्डा ने कहा कि ये सभी घटनाएं दिखाती हैं कि फरीदाबाद में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से यह मांगे रखी हैं…
रोड रेज की घटनाओं में सख्त और त्वरित कार्रवाई की जाए।
112 नंबर एवं पुलिस कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली को सुधारा जाए।
पुलिस जनता के प्रति संवेदनशील और सहयोगी व्यवहार अपनाए।




