Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 5 सितंबर। जीवन नगर भाग-दो स्थित एल्पिस कान्वेंट स्कूल में शिक्षक दिवस बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय को भव्य रूप से सजाया गया और विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रिंसीपल डॉ. राजेश मदान ने दीप प्रज्वलन कर की। छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। वहीं समूहगान, नृत्य, कविता और नाट्य मंचन के माध्यम से शिक्षकों की महत्ता और योगदान को दर्शाया गया।
इस मौके पर डॉ. मदान ने कहा कि शिक्षक ही वह मार्गदर्शक होता है, जो विद्यार्थियों को जीवन की सही दिशा प्रदान करता है। आज शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों में नैतिक मूल्यों और सामाजिक दायित्वों का विकास करना भी आवश्यक है। उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों को न केवल अच्छी शिक्षा दें बल्कि उन्हें बेहतर नागरिक भी बनाएं।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण तब रहा जब विद्यार्थियों ने शिक्षकों का रूप धारण कर कक्षाओं का संचालन किया। एक दिन के लिए शिक्षक बने विद्यार्थियों ने शिक्षा देने की जिम्मेदारी का अनुभव लिया। डॉ. मदान ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे बच्चों में अनुशासन, धैर्य और जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
शिक्षकों ने भी इस मौके पर अपने अनुभव साझा किए और विद्यार्थियों को प्रेरणादायक संदेश दिए। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से शिक्षकों और विद्यार्थियों दोनों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर ज्योति मदान, प्रियंका, नीतू राणा, मनीषा, रितिका, हरिंदर और संजय चौधरी भी उपस्थित थे।




