Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 29 सितंबर। श्री बजरंग दल दशहरा कमेटी ने ओल्ड फरीदाबाद की गोपी कालोनी स्थित श्री प्रेम प्रकाश आश्रम से बड़ी ही धूमधाम के साथ डंडोत परिक्रमा निकाली। यह परिक्रमा ओल्ड फरीदाबाद के बाजारों से होते हुए वापस श्री प्रेम प्रकाश आश्रम लौटकर संपन्न होगी। डंडोत परिक्रमा शुरू होने से पहले श्री प्रेम प्रकाश आश्रम में विधिवत रूप से पूजा पाठ किया गया। इस परिक्रमा में डंडोत करने वाले सभी सेवादार चालीस दिन पहले ही श्री प्रेम प्रकाश आश्रम में रहते हैं और चालीस दिन तक चालिया रख कड़े नियमों का पालन करते है। डंडोत परिक्रमा शुरू होने से पहले आश्रम के प्रांगण में सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया ओर हर हर महादेव के जय घोष के साथ रिब्बन काटकर ढोल नगाड़ों और बैंड बाजों के साथ डंडोत परिक्रमा की शुरुआत की।
इस मौके पर श्री बजरंग दल दशहरा कमेटी द्वारा आयोजित कार्यक्रम के अध्यक्ष परविन्द्र मल्होत्रा ने बताया कि हर साल की तरह इस साल भी डंडोत परिक्रमा का आयोजन किया गया है। वहीं 2 अक्टूबर को दशहरा पर्व मनाया जाएगा और 3 को भरत मिलाप का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जो डंडोत परिक्रमा निकाली जा रही है उसमें कमेटी के सभी युवा सदस्य अगले पांच दिन तक शहर में श्री हनुमान जी की मूर्ति को धारण करके जाएंगे। उन्होंने बताया कि यह सभी सेवादार अगले चालीस दिनों तक चालीसा रखते हैं और बहुत कठिन व्रत रखते है और आश्रम में रहकर सादा जीवन जीते है।
उन्होंने बताया कि इस बार ओल्ड फरीदाबाद क्षेत्र में सबसे बढ़िया दशहरा मेला ओल्ड फरीदाबाद के वराही तालाब में ही देखने को मिलेगा और रावण मुंह से आग उगलेगा और हवा में तलवार भी लहराएगा। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले लोगों के लिए पुष्प वर्षा करवाई जाएगी और बहुत ही भव्य रूप से दशहरा मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर व कईं गणमान्य लोग दशहरा में शिरकत करेंगे ।
वहीं, डंडोत परिक्रमा में पिछले चार वर्षों से भाग ले रहे संस्कार आहूजा ने बताया कि फरीदाबाद का बच्चा बच्चा इस डंडोत परिक्रमा का बेसब्री से इंतजार करते है और चालीस दिनों तक हनुमान जी की भक्ति में लीन रहते हैं जिसके चलते उन्हें कुछ भी कठिन नहीं लगता और बहुत अच्छा लगता है।




