निगम कार्रवाई का दिख रहा असर
दो दिन से गायब रेहड़ी पटरी वाले
सुबह सुबह नाश्ते के लिए उमड़ी भीड़ से लगता था जाम
Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 5 दिसंबर। फरीदाबाद के गुरु तेग बहादुर चौक के निकट आज सुबह-सुबह नगर निगम का पीला पंजा चला। फरीदाबाद में नगर निगम लगातार अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करता हुआ दिखाई दे रहा है। आज से करीब दो से 3 दिन पहले नगर निगम की टीम बीके सिविल अस्पताल से लेकर गुरु तेग बहादुर चौक तक पहुंची थी और रेहड़ी और खोखा लगाने वालों को समझाया गया था कि वह यहां से अतिक्रमण हटा ले। वहीं चेतावनी देने के साथ-साथ उनका हल्का-फुल्का सामान भी उठाया गया था। जिसका असर देखने को भी मिला ज्यादातर रेहड़ी वाले और फल विक्रेता दो दिन से यहां रेहड़ी व फल नहीं लगा रहे थे।
वहीं इसी चौराहे पर दो लोहे के खोखे है जिनमें ढाबा ओर छोले भटूरे की दुकान चलाई जाती थी, उनके कारण यहां ट्रैफिक जाम की स्थिति रहती थी। यहां दो लोहे के मजबूत खोखे लगे हुए हैं जिन्हें अभी तक नहीं हटाया गया था और उनके सीमेंटेड रैंप बने हुए थे। जिनको तोड़ने के लिए नगर निगम का पीला पंजा चला। वहीं बड़े-बड़े दुकानदारों द्वारा तंदूर और लोहे की पेटियां भी हटाई गई। हालांकि दो लोहे के जो मजबूत खोखे थे जिनमें ढाबा और एक छोले भटूरे की दुकान चल रही थी। उन्हें तोड़ने की बजाय छोड़ दिया गया। बताया जा रहा है की यह दो खोखे किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर सरकारी एलॉटेड है। इसी कारण इन्हें छोड़ दिया गया है।
वहीं नगर निगम के कर्मचारियों ने ऑफ रिकॉर्ड बताया कि फिलहाल उनके पास कागज नहीं है और उन्हें नगर निगम में लीगल कागज लाने के लिए ने कहा गया है। अगर वे कोई कागज नहीं ला सके तो इन खोखो को भी तोड़कर हटा दिया जाएगा।



