Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 28 दिसंबर। फरीदाबाद बीके सिविल अस्पताल में उस समय अफरातफरी का माहौल हो गया जब एक लड़की के परिजन उसे जिंदा समझ जबरन शव को शवगृह के फ्रीजर से निकाल लाए। परिजन यहीं तक नहीं रुके वे लड़की की लाश को बाइक पर रख कर फोर्टिस अस्पताल ले गए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस पूरे मामले ने बीके अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवालिया निशान लगा दिए हैं कि कोई कैसे जबरन शवगृह के फ्रीजर से शव को अपने कब्जे में ले सकता है।
बताया जा रहा है वहां पर भी डॉक्टरों ने लड़की को मृत बताया। जिसके बाद लड़की की शव को वापस बीके अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। जब तक परिजनों से इस मामले की जानकारी लेने की कोशिश की गई तब तक वे वहां से जा चुके थे।
संजय कॉलोनी सेक्टर 23 की रहने वाली लगभग 12-13 साल की भूमि को आज इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर शव को शवगृह के फ्रीजर में रखवा दिया था। वहीं, परिजन उसे मृत मानने के लिए तैयार नहीं थे। उन्होंने जबरन एक घंटे बाद शव को फ्रीजर से निकाल कर अपने कब्जे में ले लिया।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे परिजन उसे गोद में उठा कर ले गए और उसकी लाश को बाइक पर रख कर फोर्टिस अस्पताल ले गए। इस दौरान उन्होंने रोते हुए अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप भी लगाए। पूछे जाने पर परिजनों ने बताया कि लड़की को दो दिन पहले उल्टियां हुईं थी। आज उसे दिखाने के लिए यहां के लिए लाए थे। इस दौरान वह बेहोश हो गई। डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया और शव को बिना हमारी अनुमति के शवगृह के फ्रीजर में रखवा दिया, जबकि लड़की जीवित थी। जब बाइक पर परिजन लाश ले जा रहे थे तो अस्पताल के गेट पर उन्हें रोकने की कोशिश भी की गई। लेकिन वे नहीं रुके।
बताया जा रहा है कि उसके बाद परिजनों के पीछे-पीछे स्थानीय पुलिस पहुंची और लड़की को मृत ही पाया गया। पुलिस के काफी समझाने बुझाने के बाद परिजन ने एक बार फिर से मृत लड़की को लेकर सिविल अस्पताल में पहुंचे और शव को शवगृह में रखवाया। हालांकि एक बड़ा सवालिया निशान यह भी उठता है की सिविल अस्पताल से कोई भी शव को इतनी आसानी से कैसे लेकर जा सकता है।



