
Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 17 अगस्त। फरीदाबाद के गांव बसंतपुर में 50 घरों से भी ज्यादा में यमुना का पानी घुसने से बाढ़ के हालात बन गए हैं। यमुना नदी में बने दिल्ली ओखला बैराज से 50000 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद फरीदाबाद के निचले इलाके में लगातार पानी का जलस्तर खतरे के निशान से भी ऊपर आ चुका है। इसके चलते बसंतपुर इलाके में बने मकान में पानी घुसना शुरू हो गया। आपको बता दें, अगले 72 घंटे में हालात और भी खराब होने वाले हैं, क्योंकि आज यमुनानगर हथिनीकुंड बैराज से दिल्ली की तरफ 116000 क्यूसेक पानी डाइवर्ट कर दिया गया है, जो अगले 72 घंटे में दिल्ली से निकलते हुए फरीदाबाद पहुंचेगा। पहाड़ों पर हो रही बरसात के चलते कई बरसाती नदियां भी उफान पर है। जानकारी के अनुसार हथिनीकुंड से डायवर्ट किए गए पानी को लेकर दिल्ली सिंचाई विभाग को सूचित किया गया है।
आपको बता दें फरीदाबाद में हर साल जब भी यमुना नदी का जलस्तर बढ़ता है तो सबसे पहले बसंतपुर गांव में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो जाते हैं, क्योंकि यह कॉलोनी यमुना की तलहटी में बसाई गई है। फिलहाल यहां पर प्रशासन ने लोगों को घर खाली करने के आदेश दिए हैं और जिला प्रशासन की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और नियंत्रण बनाए रखने के लिए सिंचाई विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार लोगों को जागरूक करने के लिए मुनादी कर रही है। वहीं, मौके पर एनडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग समेत तमाम टीमें डटी हुई है और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पिछली बार प्रशासन की चेतावनी के बावजूद लोगों ने घर खाली नहीं किए थे। जिसके चलते यमुना का पानी लोगों के घरों में घुस गया और नाव के माध्यम से लोगों को बाहर निकल गया था। इसमें लोगों के सामान का भारी नुकसान हुआ था, लेकिन इस बार लोगों ने घर छोड़ दिए हैं और कहीं और किराए पर या फिर सरकारी स्कूलों में डेरा डाल दिया है।