
Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 14 अगस्त। फरीदाबाद में आज राज्य स्तरीय विभाजन विभीषिका कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। वहीं, मुख्यमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर फरीदाबाद के विभिन्न क्षेत्रों में लगभग 524 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी और विभाजन की पीड़ा झेल चुके बुजुर्गों को सम्मानित किया। वहीं उन्होंने विभाजन विभीषिका विषय को पाठ्यक्रम में शामिल करने की घोषणा भी की और शादी के बाद लड़की का नाम बदलने की प्रथा के चलते नाम परिवर्तन करने के प्रावधान की भी घोषणा की, ताकि किसी को परेशानी ना हो। मंच पर मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल को स्मृतिचिन्ह भेंट करके सम्मानित किया गया। इस मौके पर मंच पर केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, कैबिनेट मंत्री राजेश नागर, कैबिनेट मंत्री गौरव गौतम, पूर्व मंत्री सुभाष सुधा, आचार्य धर्मदेव, विधानसभा उपाध्यक्ष कृष्णलाल मिड्डा, कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा, श्याम सिंह राणा, प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली, श्रुति चौधरी, मूलचंद शर्मा, महापौर प्रवीण जोशी सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे। मंच पर सभी गणमान्य, केंद्रीय एवं प्रदेश के कैबिनेट मंत्रियों ने विभाजन के समय अपनी जान गंवाने वाले शहीदों को याद किया और अपने-अपने शब्दों में श्रद्धांजलि दी। भारी बारिश के चलते पंडाल के अंदर भी बारिश का पानी जमा हो गया इसके बावजूद लोग जैसे-तैसे मंडल तक पहुंचे और नेताओं के विचार सुने।
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में जहां विभाजन की पीड़ा सहने और शहादत देने वाले शहीदों को याद किया और नमन किया। वहीं उन्होंने खराब मौसम के चलते भारी संख्या में पहुंचने पर सभी का धन्यवाद किया और कहा कि महान अज्ञात आत्माओं ने आजादी को लेकर जो महाबली दान दिया है हम उन्हें याद करने के लिए यहां इकट्ठा हुए हैं और प्रदेश में यह चौथा कार्यक्रम विभाजन विभीषिका के नाम से आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम इतिहास का पन्ना नहीं, बल्कि लाखों दिलों का जख्म है। इस दिन देश दो टुकड़ों में बंट गया था और प्रधानमंत्री ने 20वीं सदी की इसे बड़ी त्रासदी माना। उन्होंने कहा कि देश के बंटवारे के दर्द को कभी भी भुलाया नहीं जा सकता, जब लाखों लोग सब कुछ लूटाकर और अपनों को गंवाकर यहां आए थे। उन्होंने कहा कि यह एक शहर नहीं बल्कि आशा की नई किरण बनकर उभरा है और इन लोगों ने अपनी मेहनत से नया शहर बनाया बल्कि इस औद्योगिक शहर भी बनाया। इसलिए हमें इन लोगों को नहीं भूलना चाहिए मैं उन लोगों को नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद सहित अन्य शहरों में भी विभाजन विभीषिका स्मारक बनाए जा रहे हैं ताकि उनकी कुर्बानियों को याद किया जा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उनकी पीढ़ियों ने हरियाणा के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और आज का दिन हमें भाईचारे का संदेश देता है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 524 करोड़ की लागत से 38 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया और कहा कि हरियाणा में डबल इंजन की सरकार लगातार काम कर रही है। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बेटियों की शादी के बाद नाम परिवर्तन की एक प्रथा है, इसलिए हरियाणा सरकार द्वारा नाम परिवर्तन का प्रावधान किया जाएगा ताकि उन्हें कोई परेशानी ना हो। इसके साथ उन्होंने घोषणा की कि पाठ्यक्रम में भी विभाजन विभीषिका के चैप्टर शामिल किए जाएंगे, ताकि आने वाली पीढ़ियां इसके बारे में जानकारी हासिल हो सके। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री कोष से से 51 लाख रुपये देने की भी घोषणा की।
वहीं इस मौके पर संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बंटवारे के समय अपनी शहादत देने वाले और भारत में बसने वाले लोगों को याद किया और उनकी कुर्बानियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जो लोग कहते हैं कि पाकिस्तान से लोग जान बचाकर आए यह अर्द्धसत्य है, बल्कि सत्य तो यह है कि वह भारत देश से प्यार करते थे तभी वह अपने धर्म को बचाने के लिए अपना सब कुछ छोड़कर तीन कपड़ों में जहां आए और अपनी मेहनत के बलबूते पर अपने-आप को कठिनाइयां सहते हुए स्थापित किया। उस समय इतना कत्लेआम आम हुआ की गाड़ियां की गाड़ियां काट दी गई थी। जिन लोगों की कुर्बानियों के चलते आजादी मिली कांग्रेस ने उन्हें भुला दिया और परिवारवाद को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि जब इंदिरा गांधी का चुनाव अदालत ने रद्द कर दिया तो कुर्सी छोड़ने की बजाय इंदिरा गांधी ने इमरजेंसी लगा दी। लेकिन लोग अब समझ चुके हैं कि यह लोग परिवारवाद से बाहर नहीं निकाल सकते। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 14 अगस्त का दिन उन्हें याद करने के लिए चुना ताकि नई पीढ़ियां उनकी शहादत को जान सके। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों ने भारत आने के बाद इन्हें पाकिस्तान कहकर टिप्पणियां की और शरणार्थी भी कहा, जबकि उन्हें मालूम होना चाहिए कि पाकिस्तान तो बाद में बना था पहले तो वह भारत का अंग था। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने मेहनत के बल पर अपने-आप को स्थापित किया और आरक्षण लेने से मना कर दिया और सिर्फ और सिर्फ पुरुषार्थ किया और पैरों पर खड़े होकर दिखाया, साथ ही उन्होंने बाकी समाज को लेकर भी आगे बढ़ने का काम किया।
इस अवसर पर उन्होंने विपक्षियों द्वारा वोट की चोरी करने की बात को लेकर उन्हें जमकर आड़े हाथों लिया और कहा कि जब इनकी जांच शुरू की गई तो वोट कम होने लगे। कांग्रेस यह सोचकर परेशान है कि जब विदेशी वोट खत्म होंगे तो कांग्रेस फिर कैसे आएगी। उन्होंने कहा कि अब यह जांच हर प्रदेश में होगी यह चुनाव आयोग का काम है कि समय-समय पर वोटर लिस्ट को शुद्ध किया जाए। उन्होंने चोर मचाए शोर का उदाहरण देते हुए कहा कि ऐसा शोर वह लोग मचा रहे हैं, लेकिन जनता सब समझती है और अब इन्हें धुतकारने लगी है। उन्होंने कहा कि आज जनता जागरुक हो चुकी है और कोई भी देश का बाल बांका नहीं कर सकता।