सिख समुदाय ने जताया आभार
गुर्जर ने साधा निशाना, कहा- कांग्रेस राज में केवल एक परिवार के नाम पर होता था नामाकरण
Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 29 नवंबर। फरीदाबाद के नीलम चौक को अब गुरु तेग बहादुर चौक के नाम से जाना जाएगा। जिसका लोकार्पण करने के लिए केंद्र राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर विशेष रूप से पहुंचे। जिनके पहुंचने पर स्थानीय विधायक पार्षद और सिख समुदाय के द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
कृष्ण पाल गुर्जर ने जैसे ही नीलम चौक के नए नाम गुरु तेग बहादुर चौक का लोकार्पण किया तो वहां पर ‘जो बोले सो निहाल’ के जय घोष गूंज उठे। इस मौके पर कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि जिस स्थान को नीलम चौक कहा जाता था आज से आधिकारिक रूप से गुरु तेग बहादुर के नाम से जाना जाएगा। इस मौके पर उन्होंने गुरु तेग बहादुर के त्याग को याद किया और बताया कि किस तरह से हिंदू धर्म की रक्षा के लिए उन्होंने अपनी शहादत दी थी।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि आने वाले समय में नीलम अजरोंडा मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर गुरु तेग बहादुर मेट्रो स्टेशन के नाम से किया जाएगा। उन्होंने यह भी साफ किया कि नाम बदलने को लेकर कोई भी राजनीति नहीं हुई है, क्योंकि नीलम चौक कभी भी लिखित में या कागजों में नहीं था, क्योंकि यहां पर नीलम सिनेमा हुआ करता था। इसी वजह से लोग इस चौक को नीलम चौक या नीलम फ्लाईओवर कहने लगे थे, लेकिन अब से इस चौक का नाम गुरु तेग बहादुर चौक के नाम से ही जाना जाएगा और आने वाले समय में ऐसी महान सशिख्यतों के नाम से ही मार्गों का नाम भी रखा जाएगा, जबकि पूर्व की सरकारों में चाहे वह मार्गों के नाम हो या फिर किसी योजना के नाम हो परिवार के नाम पर ही रखा जाता था।
वही, इस मौके पर स्थानीय, पंजाबी समुदाय व सिख समाज के लोग काफी खुश नजर आए। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार के कार्यकाल में ही सिख समाज हो या कोई अन्य धर्म सभी को तवज्जो दी जा रही है और ऐसी महान हस्तियों के नाम पर चौक चौराहा और मार्गों का नाम रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को पता चल सके कि आज उनकी शहादत के कारण ही वे आजादी की सांस ले पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब वह चाहते हैं की जो मेट्रो स्टेशन का नाम या नीलम फ्लाईओवर का नाम है वह भी गुरु तेग बहादुर के नाम से लिखित रूप में किया जाए, जिसके लिए सिख समाज की तरफ से लिखित में एक ज्ञापन भी दिया जाएगा।




