फैक्ट्री में युवक का शरीर पड़ा नीला
पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
Bilkul Sateek News
फरीदाबाद अजय वर्मा, 22 नवंबर। फरीदाबाद की डबुआ कालोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत रहने वाले 21 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने के चलते परिवार में मातम का माहौल बना हुआ है।
मृतक की मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है और उन्हें समझ ही नहीं आ रहा है कि आखिरकार यतिन के साथ क्या हुआ है।
परिजनों ने बताया कि यतिन रोज की तरह आज सुबह भी क्रॉकरी की फैक्ट्री में काम के लिए गया था। लेकिन कुछ देर बाद उनके पास फैक्ट्री से किसी का फोन आया कि उसकी तबियत बिगड़ गई है और उसे आकर ले जाओ। जिसके बाद वह तुरंत फैक्ट्री पहुंच गए और यतिन को जिला नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां एमरजेंसी में डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू कर दिया, लेकिन इलाज के दौरान ही यतिन की मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार डॉक्टरों ने परिजनों से कहा कि यतिन का शरीर नीला पड़ गया है और जहरीला पदार्थ खाने के कारण उसकी मृत्यु हो गई है। जिसके बाद उनके पैरो तले जमीन खिसक गई थी। परिजनों ने बताया कि यतिन किसी भी तरह के डिप्रेशन में नहीं था और वह जहर खाकर खुद की जान नहीं ले सकता। उन्होंने शक जतलाया कि फैक्ट्री में ही किसी ने उसे जहर दिया होगा। उन्होंने कहा कि जब फैक्ट्री में यतिन की तबियत खराब हुई तो किसी ने भी यतिन को डॉक्टर के पास नहीं पहुंचाया और इसी वजह से उन्हें शक है कि यतिन की मौत के पीछे कुछ और वजह है ।
वहीं, मामले की सूचना पाकर डबुआ थाना पुलिस बयान लेने के लिए सिविल अस्पताल पहुंची, लेकिन मीडिया के सामने कुछ भी कहने से मना कर दिया। वहीं, ऑफ रिकॉर्ड कहा कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद परिजन जो लिखित में शिकायत देंगे उसपर आगामी कार्रवाई को अमल में लाया जाएगा।




