
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 7 अप्रैल। गुरुग्राम में तेज रफ्तार की शौकीन एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवती की सड़क हादसे में मौत हो गई। नोएडा की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवती शनिवार को बाइक राइडिंग के लिए गुरुग्राम आई थी। हादसे के वक्त 28 वर्षीय युवती बीएमडब्ल्यू बाइक पर सवार थी और वह राइडर ग्रुप के साथ लेपर्ड ट्रेल में एन्जॉय करने जा रही थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर आज सुबह परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने पिता की शिकायत पर बाइक राइडर ग्रुप के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नोएडा की सॉफ्टवेयर कंपनी केपजेमिनी को सोमिता सिंह 8 महीने पहले ही ज्वाइन किया था। यहां पर उसके कई सहयोगी बाइक राइडर ग्रुप से जुड़े हुए थे। परिजनों ने 6 महीने पहले की सुमिता को कार दिलवाई थी। परंतु सोमिता को दोपहिया पर भी उड़ने का शौक था। इसलिए उसने बाइक राइडर ग्रुप को ज्वाइन कर लिया। यह राइडिंग का शौक उसकी मौत का कारण बन गया। इसके बारे में उसने अपने परिजनों को कुछ नहीं बताया था। सोमिता सिंह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हुसैनगंज की निवासी थी।
बादशाहपुर थाना पुलिस के अनुसार पुलिस को सिविल अस्पताल में हादसे में घायल एक युवती को लाने की सूचना मिली थी, जिसकी मौत हो चुकी थी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को निजी एंबुलेंस से पोस्टमार्टम हाउस पहुंचाया। पुलिस ने रविवार सुबह 10 बजे परिजनों को इसकी सूचना दी। जिसके बाद परिजन शाम तक गुरुग्राम पहुंचे। उसके बाद शव का पोस्टमार्टम किया गया। शव को आज सुबह परिजनों को सौंपा गया। परिजन शव को लेकर लखनऊ रवाना हो गए हैं।
पुलिस ने बताया कि सोमिता सिंह की बाइक को वरना कार ने टक्कर मारी थी। जिससे सोमित सिंह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। लोगों ने उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया था।
बादशाहपुर पुलिस ने सोमिता सिंह के पिता महेंद्र पाल की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।