Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 27 सितंबर। गुरुग्राम पुलिस ने SPR रोड पर रैपर राहुल फाजिलपुरिया के फाइनेंसर रोहित शौकीन की हत्या करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी बाप-बेटे हैं। इस मामले में पुलिस अब तक कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इस मामले में 2 अन्य आरोपी अस्पताल में उपचाराधीन है, जिन्हें डिस्चार्ज के बाद गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अपराध शाखा मानेसर ने मामले में 2 आरोपियों को 25 सितंबर को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान कुलदीप (उम्र-45 वर्ष) और कमल (उम्र-20 वर्ष) दोनों निवासी गांव चंदौली जिला सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई। आरोपियों को उसी दिन अदालत में पेश करके 2 दिन के पुलिस हिरासत रिमांड में लिया गया था। पुलिस ने आरोपियों को आज फिर से अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा दिया गया।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि कुलदीप कमल का पिता है। कुलदीप के किसी साथी के कहने पर दोनों ने हत्या करने की साजिश रची और वारदात को अंजाम देने के लिए 1 व्यक्ति भी उपलब्ध करवाया। जिसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। उपरोक्त वारदात की साजिश बनाने और अंजाम देने के लिए कुलदीप व कमल ने 3 लाख रुपये लिए थे।
आरोपियों के अपराधिक रिकॉर्ड की जांच में पता चला कि कुलदीप पर शस्त्र अधिनियम व सरकारी कर्मचारी के कार्य में बाधा डालने के तहत 2 मामले सोनीपत जिले में और कमल पर जान से मारने की धमकी देने, मारपीट करने, हत्या का प्रयास करने के तहत 3 मामले सोनीपत जिले में दर्ज हैं।
रोहित शौकीन की हत्या 4 अगस्त की रात एसपीआर रोड पर की गई थी। प्रॉपर्टी डीलर 39 वर्षीय रोहित दिल्ली के निहाल विहार के कमरूद्दीन नगर का रहने वाला था। रोहित नोएडा जाने के लिए अपने भाई की गाड़ी लेकर निकला था। एसपीआर रोड पर पहुंचने पर उसको गोलियों से छलनी करके मौत के घाट उतार दिया गया था। रोहित की हत्या का मामला थाना खेड़की दौला में दर्ज किया गया था। पुलिस पूरे मामले कही गहनता से जांच कर रही है।




