file photo source: social media
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 3 अक्टूबर। गुरुग्राम पुलिस ने लंदन में टीचर की नौकरी और वीजा दिलाने का लालच देकर एक महिला से ठगी करने के मामले में एक एमबीए पास आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार किया है। आरोपी दिल्ली का निवासी है और लंदन में रहने के दौरान वह साइबर ठगों के संपर्क में आया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एक महिला ने पुलिस थाना साइबर अपराध पूर्व को एक लिखित शिकायत के माध्यम से बताया कि उसको व्हाट्सऐप पर एक कॉल आई थी। जिसमें उसे लंदन में टीचर की जॉब व वीजा के लिए स्पॉन्सर करने का लालच दिया गया। उसे विश्वास में लेकर उससे रुपये ट्रांसफर करवाकर ठगी की गई।
पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को 20 सितंबर को मुंबई गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान सौरभ कुमार बनर्जी (उम्र-42 वर्ष, शिक्षा एमबीए) निवासी मालवीय नगर नई दिल्ली के रूप में हुई।
पुलिस ने सौरभ कुमार के खिलाफ एसओसी जारी करवा रखी थी, जिसके चलते 29 सितंबर को मुंबई एयरपोर्ट इमिग्रेशन विभाग द्वारा सौरभ कुमार को डिटेन करके गुरुग्राम पुलिस को सूचना दी गई। सौरभ कुमार को मुंबई अदालत में पेश करके 2 अक्टूबर तक का राहदारी रिमांड लिया गया व 2 अक्टूबर को गुरुग्राम की अदालत में पेश करके 1 दिन का पुलिस हिरासत रिमांड लिया गया।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि सौरभ कुमार 2024 में लंदन गया था और वहां वेब डिजाइनिंग का काम करता था। सौरभ ने बताया कि वहां पर उसकी मुलाकात साइबर फ्रॉड करने वाले लोगों से हुई थी, जो लंदन में नौकरी दिलाने की एक फर्जी वेबसाइट बनाकर नौकरी देने के विज्ञापन करते थे। उस फर्जी वेबसाइट पर लोगों को लंदन में जॉब दिलाने का प्रलोभन देकर ठगी की जाती थी। शिकायतकर्ता महिला से भी इन साइबर ठगों ने संपर्क किया और सौरभ के माध्यम से उसके बैंक खाते में महिला से 10 लाख 22 हजार 300 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। सौरभ को खाते में ट्रांसफर होने वाली राशि का 10 प्रतिशत कमीशन प्राप्त हुआ था।
पुलिस ने सौरभ के बैंक खाते को सीज करके 6 लाख 50 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस सौरभ के पास से 1 मोबाइल, 1 पासपोर्ट और 1 वीजा बरामद किया गया। आगामी कार्रवाई के लिए पुलिस द्वारा सौरभ को 1 दिन के पुलिस हिरासत रिमांड के बाद आज 3 अक्टूबर को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत भेजा गया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।



