Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 3 अक्टूबर। मंडलायुक्त हिसार एवं दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के प्रबंध निदेशक अशोक कुमार गर्ग के निर्देशानुसार डीएचबीवीएन के चतुर्थ श्रेणी निगम कर्मचारियों के लिए ब्याज मुक्त त्यौहार अग्रिम की स्वीकृति प्रदान की गई है।
डीएचबीवीएन के वित्त निदेशक रतन कुमार वर्मा ने इसका अनुमोदन करते हुए बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम ने राज्य सरकार, वित्त विभाग के निर्देश को स्वीकार किया है। जिसके अंतर्गत् वर्ष 2024-25 के दौरान 14 अक्टूबर तक आवेदन करने वाले डीएचबीवीएन के सभी चतुर्थ श्रेणी नियमित सरकारी कर्मचारियों को 13 हजार रुपये का त्यौहार अग्रिम स्वीकृत एवं अनुदानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह अग्रिम उन सभी चतुर्थ श्रेणी के नियमित स्थायी/अस्थाई/तदर्थ को देय होगा जो पिछले एक वर्ष से सेवा में हैं और जिनके अगले दस महीने तक सेवा में बने रहने की संभावना है। अग्रिम राशि 17 अक्टूबर 2025 को या उससे पहले निकाली और वितरित की जा सकती है।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के मुख्यालय से वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को इस बारे में दिशानिर्देश जारी कर दिए हैं। ताकि दिवाली त्यौहार से पहले ही चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों को त्यौहार अग्रिम ब्याज मुक्त 13000 रुपये प्राप्त हो सकें।



