Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 11 अक्टूबर। सफाईकर्मियों ने स्व. आईपीएस वाई पूरन कुमार को श्रद्धांजलि देते हुए न्याय और समानता के लिए 15 अक्टूबर को देशव्यापी हड़ताल की चेतावनी दी है।
मौका था आदि कवि महर्षि वाल्मीकि जयंती पर जिला स्तरीय विचार गोष्ठी का। इस अवसर पर वरिष्ठ आईपीएस वाई पूर्ण कुमार की आत्महत्या के संदर्भ में अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा व सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के वरिष्ठ उप प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने मीडिया को संबोधित किया।
वहीं, कर्मचारियों ने गोष्ठी के दौरान हाल ही में सुसाइड करने वाले आईपीएस वाई पूरन कुमार को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार के लिए न्याय की मांग की। कर्मचारियों ने कहा कि वाई पूरन कुमार दलित समाज से थे और उन्हें कुछ अधिकारियों ने इतना परेशान किया कि उन्होंने सुसाइड जैसा कदम उठाया। उन्होंने मांग की कि सुसाइड नोट में जिन अधिकारियों के नाम लिखे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। कर्मचारियों ने कहा कि इस मामले की जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में निष्पक्ष तरीके से होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने कहा कि अगर एक दलित समाज से आए आईपीएस अधिकारी को भी न्याय नहीं मिल रहा, तो यह पूरे सिस्टम पर सवाल खड़ा करता है।
इस दौरान कर्मचारियों ने सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया पर जूता फेंकने की घटना की भी निंदा की और कहा कि यह न्यायपालिका का अपमान है। उन्होंने कहा कि दलित समाज को कमजोर दिखाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाने चाहिए। कार्यक्रम में उपस्थित सभी कर्मचारियों ने कहा कि जब तक वाई पूरन कुमार मामले में कार्रवाई नहीं होती, वे चुप नहीं बैठेंगे। इसी के चलते कर्मचारियों ने 15 अक्टूबर को देशव्यापी हड़ताल करने की घोषणा की है। उनका कहना है कि यह हड़ताल न्याय और समानता के लिए होगी।



