महिलाओं को मिले अधिकारों, कानूनों व सुरक्षा उपायों की जानकारी
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 15 दिसंबर। गुरुग्राम के सेक्टर-18 स्थित सरहौल क्षेत्र में महिलाओं के सशक्तिकरण एवं सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला गुरुग्राम पुलिस की पहल तथा मधु के सहयोग एवं समन्वय से सफलतापूर्वक संपन्न हुई। कार्यशाला का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित, आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनाना रहा।
इस नारी सशक्तिकरण एवं सुरक्षा कार्यशाला के दौरान महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनों, आत्मरक्षा के उपायों, साइबर सुरक्षा तथा आत्मविश्वास को सुदृढ़ करने से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। साथ ही महिलाओं को अपनी समस्याएँ खुलकर साझा करने तथा उनके समाधान पर संवाद करने का अवसर भी मिला।
कार्यक्रम में महिला थाना पश्चिम, गुरुग्राम से उप निरीक्षक पूनम एवं मुख्य आरक्षी मोनिका विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने महिला सुरक्षा कानूनों, हेल्पलाइन सेवाओं तथा पुलिस सहायता तंत्र के बारे में विस्तार से जानकारी दी और महिलाओं को किसी भी स्थिति में निडर होकर सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला की मुख्य वक्ता संगीता दास, अध्यक्ष – एडुटेनमेंट कुटुंब एनजीओ रहीं। उन्होंने नारी सशक्तिकरण, शिक्षा एवं सामाजिक सुधार पर अपने प्रेरणादायक विचार साझा किए तथा महिलाओं को आत्मबल, आत्मसम्मान और जागरूकता के महत्व से अवगत कराया।
यह कार्यशाला अंबेडकर भवन सरहौल (सेक्टर-18) में आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र की महिलाओं एवं माताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
आयोजकों के अनुसार, महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से एक सुरक्षित, सशक्त एवं आत्मनिर्भर समाज की दिशा में यह एक सार्थक पहल सिद्ध हुई। यह कार्यशाला महिलाओं के लिए ज्ञान, संवाद और सशक्तिकरण का प्रभावी मंच बनी।



