परियोजना शहर के लिए ऐतिहासिक अवसर, सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ गरिमामय ढंग से संपन्न कराएं आयोजन
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 3 सितंबर। गुरुग्राम में 5 सितंबर को आयोजित होने वाले मेट्रो विस्तार परियोजना के भूमि पूजन कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर डीसी अजय कुमार ने आज लघु सचिवालय स्थित कांफ्रेंस हॉल में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में उन्होंने कार्यक्रम से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश दिए।
डीसी ने बैठक में बताया कि 5 सितंबर को केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य तथा ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जीएमडीए कार्यालय, सेक्टर-44 के सामने आयोजित कार्यक्रम में मेट्रो विस्तार परियोजना का भूमि पूजन करेंगे। इसके उपरांत गुरुग्राम विश्वविद्यालय परिसर में एक जनसभा भी आयोजित की जाएगी, जहां मुख्यमंत्री जनता को संबोधित करेंगे।
डीसी अजय कुमार ने कहा कि यह कार्यक्रम गुरुग्रामवासियों के लिए ऐतिहासिक अवसर है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि भूमि पूजन समारोह सफल और गरिमामयी ढंग से संपन्न हो सके। उन्होंने अधिकारियों को यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, बैठक व्यवस्था और मंच सज्जा से संबंधित सभी तैयारियों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
डीसी ने कहा कि यह मेट्रो विस्तार केवल यातायात सुविधा का विस्तार नहीं बल्कि गुरुग्राम के समग्र विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। इससे शहर की आर्थिक, सामाजिक और औद्योगिक प्रगति को नई गति मिलेगी। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपील की कि वे अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाएं और आयोजन स्थल पर पहले से मौजूद रहकर सुनिश्चित करें कि कोई कमी न रहे।




