Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 4 दिसंबर। यह नजारा साइबर सिटी कहलाने वाले गुरुग्राम के सूरत नगर के फेस-1 का है। यहां पिछले छह महीने से सीवर ओवरफ्लो हो रहे हैं और सीवर युक्त गंदा पानी गलियों में भरा पड़ा है। स्कूली बच्चे हो या बड़े सभी को इन्हीं रास्तों से गुजरना पड़ता है। गंदे पानी से अटी पड़ी इन गलियों के निवासियों का जीना तक मुहाल हो रखा है। बुजुर्ग तो घरों में कैद होकर रह गए हैं।
वहीं, बीमारियां फैलने का खतरा हमेशा सर पर मंडराता रहता है। अपनी समस्याओं को लेकर यहां के निवासी आरडब्ल्यू प्रधान आनंद चौबे हो या पार्षद सुरेखा चौहान या फिर नगर निगम आयुक्त सब तक गुहार लगा चुके हैं। लेकिन कोई सुनवाई नहीं। सूरत नगर निवासियों ने एक बार फिर से व्हाट्सअप पर बने आरडब्ल्यूए ग्रुप के माध्यम से गुरुग्राम नगर निगम आयुक्त से इस समस्या का जल्द से जल्द हल करने की मांग की है। देखते हैं प्रशासन कब अपनी कुंभकर्णी नींद से जागेगा और इस समस्या का स्थायी समाधान करेगा।




