Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 5 सितंबर। मुख्यमंत्री नायब सिंह ने आज कहा कि मेट्रो के विस्तार से गुरुग्रामवासियों को जाम और प्रदूषण से मुक्ति मिलेगी। सेक्टर-44 में मेट्रो भूमि पूजन के बाद सैनी ने कहा कि आज का दिन हम आज का दिन हम सबके लिए गर्व और गौरव का दिन है और आज शिक्षक दिवस के अवसर पर मेट्रो रेल परियोजना का भूमि पूजन हम सब के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ते हुए गुरुग्राम शहर को एक आधुनिक और सशक्त परिवहन की आवश्यकता थी। मेट्रो रेल का यह सपना केवल ईंट पत्थर का प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि यह हमारे शहर की आर्थिक प्रगति, पर्यावरण की सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं से जुड़ा हुआ संकल्प है। सीएम सैनी ने इसके लिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर का धन्यवाद करते हुए कहा कि मेट्रो के लाभ हर आम नागरिक की जिंदगी में महसूस होंगे। यह परियोजना गुरुग्राम की नई पहचान बनेगी।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत रेजांगला चौक से द्वारका सेक्टर 21, सेक्टर 56 से पंचगांव और मेट्रो कॉरिडोर जो दिल्ली से करनाल, दिल्ली से नीमराणा, गुरुग्राम से फरीदाबाद और नोएडा तक की मेट्रो शामिल है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 11 साल में देश को नई गति देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम के विकास के लिए निरंतर बजट में भी प्रावधान किए गए हैं। 2014 से अब तक गुरुग्राम विधानसभा में 1 हजार 909 करोड़ रुपये खर्च करने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का पूरे हरियाणा में संतुलित विकास का लक्ष्य है।
गुरुग्राम के विकास में मारुति प्लांट और डीएलएफ का बहुत बड़ा योगदान
वहीं, केंद्रीय मंत्री खट्टर ने गुरु द्रोणाचार्य की पावन धरा से शिक्षक दिवस और मेट्रो परियोजना के उद्घाटन पर सभी गुरुग्रामवासियों को हार्दिक शुभकामना दी। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम के विकास में मारुति प्लांट और डीएलएफ का बहुत बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि विकसित हो रहे प्रदेशों में सबसे ज्यादा जरूरत यातायात के साधनों की होती है। उन्होंने कहा कि मेट्रो की शुरुआत 2002 में दिल्ली से पहली बार तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने की थी। जिसमें 2014 के बाद तेजी से विस्तार हुआ। आज पूरे देश के 24 शहरों में 1066 किलोमीटर तक मेट्रो का विस्तार हो चुका है। उन्होंने बताया कि आज जिस मेट्रो का शिलान्यास हुआ है उसकी लंबाई साढ़े 28 किलोमीटर है और इस पर लगभग 5600 करोड़ रुपये की लागत आएगी। उन्होंने कहा कि मेट्रो के विस्तार से गुरुग्राम, मानेसर और फरीदाबाद क्षेत्र का विकास बहुत तेजी से होगा।
गुरुग्रासम को मिलेगी 100 बसें, पूरे हरियाणा को 450
उन्होंने बताया कि हमने पूरे देश में रियायती दरों पर 10 हजार बसें देने का लिया निर्णय है। जिसमें से 450 बसें हरियाणा को मिलेगी और इनमें से गुरुग्राम को 100 बसें मिलेंगी। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम पहला ऐसा शहर है जहां मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी बनाई गई हैं।




