निगम के साथ मिलकर जीएमडीए कर रहा पानी सप्लाई
करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से योजना हुई पूरी
निगम ने 300 किलो लीटर की क्षमता वाला यूजीटी बनाया
जल्द ही निगम क्षेत्र के अन्य गांवों में भी होगी सप्लाई
Bilkul Sateek News
मानेसर, 16 सितंबर। नगर निगम क्षेत्र में नहरी पानी की सप्लाई शुरू हो चुकी है। मानेसर नगर निगम का गांव बामड़ौली पहला ऐसा गांव है, जहां नहरी पानी पहुंच गया है। यहां की करीब 2 हजार आबादी को इसका सीधा लाभ होगा। जल्द ही निगम क्षेत्र के अन्य गांवों में भी नहरी पानी सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।
आयुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि अभी तक निगम क्षेत्र के गांवों में ट्यूबवेल से पीने के पानी की सप्लाई हो रही है। निगम के कई गांवों में आबादी बहुत ज्यादा है तो गर्मियों में पीने के पानी की कमी देखने को मिली थी। नगर निगम की ओर से सभी गांवों में पानी की पाइपलाइन डाल दी गई है। इन लाइनों में अभी ट्यूबवैल से पानी घरों तक पहुंच रहा है। नगर निगम मानेसर और जीएमडीए के अधिकारियों के तालमेल से निगम क्षेत्र में नहरी पानी सप्लाई की योजना को सिरे चढ़ाया गया है। गांव बामड़ौली से इस योजना की शुरूआत की गई है। जल्द ही निगम क्षेत्र के सभी गांवों में नहरी पानी की सप्लाई कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि गांव बामड़ौली में निगम ने 300 किलो लीटर क्षमता वाला अंडर ग्राउंड टैंक,बूस्टिंग स्टेशन बनाया है। जिसपर अनुमानित ढाई करोड़ रुपये की लागत आई। इसके अलावा द्वारका एक्सप्रेस-वे पर स्थित ऐलान मॉल से गांव तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी पानी की लाइन डाली गई है। इस पर भी लगभग ढाई करोड़ रुपये की लागत आई है। गांव बामड़ौली के करीब 2 हजार लोगों को नहरी पानी का सीधा लाभ मिलेगा।
ग्रामीणों ने क्या कहा
यह हमारे गांव के लिए सौभाग्य की बात है कि पूरे निगम क्षेत्र में नहरी पानी की सप्लाई हमारे गांव में हुई है। इसके लिए नगर निगम के अधिकारियों का धन्यवाद।

-रविंद्र यादव, निवासी बामड़ौली
पीने के पानी की सप्लाई पहले ट्यूबवेल से होती थी। गर्मियों में पानी की पूर्ति नहीं हो पाती थी। अब गांव में ही बूस्टिंग स्टेशन बनने से गांव में पानी की किल्लत नहीं होगी।

-प्रवीण यादव, निवासी बामड़ौली




