नगर निगम गुरुग्राम द्वारा बैलेसिंग बिट के सहयोग से अतुल मेमोरियल स्कूल झाड़सा के विद्यार्थियों को कराया दौरा
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 18 नवंबर। हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान 2025 के अंतर्गत नगर निगम गुरुग्राम ने बैलेंसिंग बिट के सहयोग से सोमवार को अतुल मेमोरियल स्कूल झाड़सा के विद्यार्थियों को सेक्टर-43 स्थित कम्पोस्टिंग साइट का दौरा करवाया। इस शैक्षिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्रों को कचरा प्रबंधन, स्रोत-स्तर पर कचरे के पृथक्करण और कम्पोस्ट निर्माण की प्रक्रिया के महत्व से रूबरू कराना था।
कचरा प्रबंधन पर जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिन्दुस्तानी ने विद्यार्थियों से कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या नगर निगम की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा यदि हम घर से ही गीले और सूखे कचरे को अलग करना शुरू कर दें, तो लगभग 80 प्रतिशत कचरा वहीं पर ही निपटाया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को कम्पोस्टिंग प्रक्रिया का प्रत्यक्ष प्रदर्शन करवाया, जिसमें दिखाया गया कि किस प्रकार गीले कचरे से जैविक खाद तैयार की जाती है। साथ ही यह भी समझाया कि सूखे कचरे के सही पृथक्करण से उसे रीसायकल कर पुनः उपयोग में लाया जा सकता है, जो पर्यावरण संरक्षण और संसाधन बचत दोनों के लिए आवश्यक है।

स्वच्छता और स्वास्थ्य का सीधा संबंध
कुलदीप हिन्दुस्तानी ने बच्चों को बताया कि गंदगी से डेंगू, मलेरिया और टाइफाइड जैसे संक्रामक रोग फैलते हैं। उन्होंने कहा कि यदि हम अपने घर, स्कूल और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखें, तो हम न सिर्फ बीमारियों से बचेंगे बल्कि समाज में एक सकारात्मक उदाहरण भी प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे अपने परिवार, पड़ोस और मित्रों के बीच स्वच्छता के संदेश वाहक बनें और कचरा अलग करो – देश स्वच्छ करो के संदेश को व्यापक रूप से फैलाएं।
स्वच्छता शपथ के साथ कार्यक्रम का समापन
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और नागरिकों को स्वच्छता शपथ दिलाई गई। सभी ने संकल्प लिया कि वे गुरुग्राम को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण-मुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँगे। स्वच्छता एक अभियान नहीं बल्कि एक जीवन शैली है। इसे आदत के रूप में अपनाने से ही स्वच्छ और सुंदर गुरुग्राम का सपना साकार हो सकता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में अतुल मेमोरियल स्कूल के शिक्षकों, संस्कृति अपार्टमेंट के मनोज चौहान सहित स्थानीय नागरिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। नगर निगम गुरुग्राम ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जनसहभागिता आधारित प्रयास शहर को स्वच्छता के नए मानकों तक पहुंचाने में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।




