Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 24 नवंबर। साइबर सिटी के सेक्टर 4 में उस समय हंगामा मच गया जब एक रिटायर्ड अधिकारी ने पार्क में अवैध रूप से निर्माण कार्य शुरू कर दिया। आरोप है कि रिटायर्ड अधिकारी ने बिना परमिशन के पार्क में अवैध रूप से टॉयलेट का निर्माण शुरू कर दिया था। जब यहां के निवासियों ने इसका विरोध किया तो रिटायर्ड अधिकारी ने अपने रूतबे का रौब झाड़ते हुए अभद्रता शुरू कर दी।
एडवोकेट अजय कांडा की माने तो बीएसएफ से रिटायर्ड अधिकारी ने अभद्रता करते हुए कहा कि वह तो पार्क में ही टॉयलेट बनाएंगे। इस पर सेक्टर 4 के निवासियों ने इसकी शिकायत पुलिस व नगर निगम में की। सेक्टर निवासियों की शिकायत पर पुलिस व नगर निगम के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और पार्क में अवैध रूप से चल रहे निर्माण कार्य को रुकवाया। नगर निगम के अधिकारी सचिन यादव ने कहा कि उन्हें शिकायत मिली थी । जब मौके पर पहुंचे तो अवैध निर्माण होते हुए पाया, जिसे रोक दिया गया है। पार्क में किसी तरह का निर्माण नहीं किया जा सकता। अगर इसकी परमिशन ली गई है तो कागज दिखाए। अगर परमिशन नहीं है तो इसे आज ही डिमोलेश किया जाएगा।
नियम है कि किसी भी पार्क में बिना अनुमति के कोई निर्माणकार्य नहीं किया जा सकता। अगर पार्क में शौचालय बनवाना है तो नगर निगम या हुडा विभाग को पत्राचार करना होता है। जिसके बाद जनहित में पार्क के अंदर शौचालय बनाया जा सकता है। जिसका रखरखाव नगर निगम या हुडा विभाग स्वयं करवाता है। ऐसे में देखना होगा कि मौके पर पहुंचे नगर निगम के अधिकारी क्या कदम उठाते हैं। पार्क में अवैध रूप से किए जा रहे इस निर्माणकार्य को क्या नगर निगम ध्वस्त करता है या नहीं यह देखने वाली बात होगी।




