
न्यायिक जागरूकता की नई पहल – ‘नालसा (जागृति) योजना 2025’
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 18 जून। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा शुरू की गई ‘नालसा (जागृति) योजना, 2025’ का उद्देश्य देश के ग्राम, तालुका और जिला स्तर तक न्यायिक जागरूकता का प्रसार करना है। यह योजना नागरिकों को उनके विधिक अधिकारों की जानकारी सरल भाषा में देने और न्याय तक उनकी सहज पहुंच सुनिश्चित करने के लिए शुरू की गई है।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण गुरुग्राम के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी रजत वर्मा ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत् आमजन को उनके विधिक अधिकारों, न्याय प्राप्ति के उपायों तथा विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सरल एवं सहज भाषा में प्रदान की जाएगी, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर उनका प्रभावी रूप से लाभ उठा सकें। उन्होंने बताया कि इसके माध्यम से न्याय प्रणाली के प्रति विश्वास बढ़ाने और विधिक सहायता को सुलभ बनाने की दिशा में प्रयास किया जाएगा।
इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु गुरुग्राम, सोहना और पटौदी में ‘जागृति यूनिट’ स्थापित की गई हैं। इन यूनिटों के माध्यम से विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
‘जागृति यूनिट’ का उद्देश्य ग्रामीणों, महिलाओं, मजदूरों, वरिष्ठ नागरिकों और जरूरतमंदों तक मुफ्त विधिक सहायता पहुंचाना है। साथ ही, इन अभियानों से पैरा लीगल वॉलंटियर्स, अधिवक्ताओं और पंचायत प्रतिनिधियों को भी जोड़ा जा रहा है।
योजना की मुख्य विशेषताओं में घर-घर विधिक जानकारी पहुंचाना, विधिक साक्षरता शिविर, नुक्कड़ नाटक, जन संवाद और स्थानीय संस्थाओं की भागीदारी शामिल है। न्यायिक प्रक्रिया की जानकारी भी आम भाषा में दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत आज ‘कानून की बात’ नामक रेडियो कार्यक्रम का प्रसारण गुरुग्राम की आवाज 107.8 मेगाहर्ट्ज पर किया गया। इस कार्यक्रम को अधिवक्ता अनूप कटारिया ने प्रस्तुत किया। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक विधिक जानकारी पहुंचाना है।
‘नालसा (जागृति) योजना’ “सभी के लिए न्याय” के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। यह नागरिकों को विधिक रूप से सशक्त बनाने और न्यायिक प्रक्रिया से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।